
रोहित शर्मा ने जड़ा 38वां अर्धशतक
मुंबई इंडियंस के लिये कप्तान रोहित शर्मा ने आज जुझारु पारी खेलते हुए अपने आईपीएल करियर का 38वां अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान रोहित शर्मा ने आईपीएल में अपने 5000 रन भी पूरे किये और आईपीएल में ऐसा करने वाले तीसरे खिलाड़ी बने। रोहित शर्मा ने अपनी पारी के दौरान 45 गेंदों में 8 चौके और 3 छक्के लगाकर 70 रनों की पारी खेली। इतना ही नहीं आज के मैच में रोहित शर्मा को मोहम्मद शमी ने आउट किया और आईपीएल के इतिहास में पंजाब के खिलाफ आउट करने वाले पहले तेज गेंदबाज भी बने जिसने रोहित का विकेट हासिल किया।

लगातार दूसरे मैच में आखिरी 30 गेंद में जोड़े 89 रन
वहीं मुंबई के लिये पिछले मैच के हीरो इशान किशन आज ज्यादा कमाल नहीं कर सके और 32 गेंदों में 1 चौका और 1 छक्का लगाकर 32 रन जोड़े। वहीं मुंबई के मध्यक्रम बल्लेबाजी की जान कीरोन पोलार्ड और हार्दिक पांड्या ने आज बल्ले से धमाल मचाया और रोहित के जाने के बाद महज 23 गेंदों में 67 रन भी जोड़े। मुंबई के लिये कीरोन पोलार्ड ने महज 20 गेंद में 3 चौके और 4 छक्के की मदद से नाबाद 47 रन बनाये तो वहीं हार्दिक पांड्या ने महज 11 गेंद में 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 30 रन जोड़े। मुंबई की टीम ने अपनी पारी में 17 चौके और 10 छक्के की मदद से 191 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके साथ ही मुंबई की टीम ने लगातार दूसरे मैच में आखिरी 5 ओवर्स में 89 रन बनाने का कारनामा किया। आईपीएल के इतिहास में आखिरी 5 ओवर्स में बनाया गया यह तीसरा बड़ा स्कोर है। इस लिस्ट में पहले नंबर पर आरसीबी की टीम है जिसने 2016 में गुजरात लॉयंस के खिलाफ 112 रन जोड़ने का काम किया था तो वहीं पर 2019 में केकेआर के खिलाफ इसी टीम ने 91 रन जोड़े थे।

पिछले मैच में 5 छक्के खाने वाले कॉट्रेल ने की जबरदस्त वापसी
वहीं राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पिछले मैच में एक ओवर में 5 छक्के खाने वाले शेल्डन कॉट्रेल ने जबरदस्त वापसी की और पहले ही ओवर में क्विंटन डिकॉक को बिना खाता खोले पवेलियन भेज कर मेडन फेंका। पिछले मैच के बाद कॉट्रेल ने आज के मैच में जबरदस्त वापसी की और 4 ओवर में महज 20 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। वहीं मोहम्मद शमी ने भी आज के मैच में शानदार गेंदबाजी की लेकिन आखिरी ओवर में 19 रन दे बैठे जिसके चलते उनके 4 ओवर में 36 रन देकर 2 विकेट हासिल किये।


Click it and Unblock the Notifications