MI vs RCB: मुंबई के खिलाफ फिर चमके हर्षल पटेल, हैट्रिक लगाकर नाम किये कई रिकॉर्ड
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का खेल जारी है जिसका 39वां मैच दुबई के मैदान पर खेला गया। इस शानदार मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने हर विभाग में शानदार प्रदर्शन किया और मुंबई इंडियंस की टीम को 54 रन से पटखनी देकर अंकतालिका में तीसरे पायदान पर काबिज हो गये हैं, वहीं पर मुंबई की टीम साल 2018 के बाद पहली बार 7वें पायदान पर खिसक गई है। आरसीबी की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट खोकर 165 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में मुंबई की पूरी टीम महज 111 रनों पर ऑल आउट हो गई और 54 रनों से मैच को हार गई।
इस मैच में मुंबई की टीम ने विस्फोटक शुरुआत करते हुए महज 6.4 ओवर्स में 57 रन ठोंक दिये लेकिन आरसीबी के लिये ग्लेन मैक्सवेल (2 विकेट), युजवेंद्र चहल (3 विकेट) और हर्षल पटेल (4 विकेट) ने वापसी कराने का काम किया और अगले 54 रन के अंदर 9 विकेट हासिल कर मुंबई को ऑल आउट कर दिया।

आरसीबी ने मुंबई के खिलाफ पहली बार बनाया यह रिकॉर्ड
उल्लेखनीय है कि आईपीएल के इतिहास में यह पहली बार है जब रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने मुंबई की टीम को ऑल आउट किया है। इतना ही नहीं आरसीबी की टीम ने इस सीजन आईपीएल में मुंबई के खिलाफ खेले गये दोनों मैचों में जीत हासिल की और आईपीएल के इतिहास में पहली बार मुंबई के खिलाफ डबल जीत हासिल करने का कारनामा किया। इतना ही नहीं यह मुंबई इंडियंस के लिये 2018 के बाद पहली बार है जब उसे लगातार 3 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। मुंबई की टीम को 2018 में सीजन के आगाज के साथ ही पहले 3 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था।

जानें कैसे हर्षल पटेल ने पूरी की हैट्रिक
आरसीबी के लिये इस मैच में हर्षल पटेल ने एक बार फिर से शानदार गेंदबाजी करने का कारनामा किया है और आईपीएल के इतिहास में अपने करियर की पहली हैट्रिक लेने का कारनामा किया। हर्षल पटेल अपने आईपीएल के करियर में छठी बार हैट्रिक लेने के करीब पहुंचे थे जिसमें यह पहली बार है जब उन्होंने हैट्रिक पूरी की। अपनी हैट्रिक पूरी करने के लिये हर्षल पटेल ने पहले मुंबई के विस्फोटक बल्लेबाज हार्दिक पांड्या को विराट कोहली के हाथों कैच कराया तो वहीं अगली गेंद पर कायरन पोलार्ड को बोल्ड मारा। इसके बाद हर्षल पटेल ने राहल चाहर को एलबीडब्लयू कर अपनी हैट्रिक पूरी की। वहीं अगले ओवर में एडम मिल्ने को बोल्ड कर विकेट का चौका लगाया।

आरसीबी के लिये हैट्रिक चटकाने वाले तीसरे गेंदबाज बने हर्षल पटेल
गौरतलब है कि हर्षल पटेल ने इस सीजन मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले मैच में भी जीत में अहम भूमिका निभाई थी और 5 विकेट हासिल किये थे। इस मैच में हर्षल पटेल दो बार हैट्रिक लेने की कगार पर पहुंचे थे, लेकिन वो इसे पूरा कर पाने में नाकाम रहे थे। इस हैट्रिक के साथ ही हर्षल पटेल आरसीबी के लिये यह कारनामा करने वाले तीसरे गेंदबाज बन गये हैं। आरसीबी के लिये प्रवीण कुमार ने साल 2010 में यह कारनामा पहली बार किया था जब उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हैट्रिक चटकाई थी। वहीं साल 2017 में सैम्युअल बद्री ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ हैट्रिक चटकाई थी।

हर्षल पटेल ने की चहल के रिकॉर्ड की बराबरी
हर्षल पटेल ने इस मैच में 4 विकेट हासिल किये जिसके साथ ही आईपीएल 2021 में उनके कुल विकेटों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है और फिलहाल पर्पल कैप उन्हीं के पास है। इसके साथ ही हर्षल पटेल ने आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में युजवेंद्र चहल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। युजवेंद्र चहल ने साल 2015 में 23 विकेट चटकाये थे तो वहीं पर हर्षल पटेल भी इस मामले में बराबरी पर आ गये हैं। जाहिर तौर पर वह बहुत जल्द ही इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ कर लिस्ट में टॉप पर पहुंच जायेंगे। इस लिस्ट में दूसरा नाम श्रीसंत का है जिन्होंने साल 2011 में 21 विकेट चटकाये थे, वहीं पर सिद्धार्थ कौल भी इस लिस्ट में शामिल हैं जिन्होंने 2018 में 21 विकेट हासिल किये थे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications