RCB vs MI: दुबई में कोहली-मैक्सवेल ने बल्ले से मचाया धमाल, बोल्ट-बुमराह ने आरसीबी की आंधी को रोका
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का दूसरा लेग यूएई में खेला जा रहा है जिसका 39वां मैच दुबई के मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जा रहा है। लगातार दो मैचों में हार के बाद दुबई के मैदान पर जीत की तलाश में पहुंची दोनों टीमें इस मैच में अपना सबकुछ झोंकती नजर आयी। मुंबई की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और पहली ही पारी में दोनों टीमों के बीच जीत की भूख नजर आयी। जहां आरसीबी की ओर से कप्तान विराट कोहली (51) और ग्लेन मैक्सवेल (56) ने ताबड़तोड़ अर्धशतक लगाकर बड़े स्कोर की तरफ कदम बढ़ाया तो वहीं पर मुंबई के लिये जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट ने शानदार गेंदबाजी कर आरसीबी की टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका।
आरसीबी की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट खोकर 165 रनों का स्कोर खड़ा किया। मुंबई की टीम के लिये जसप्रीत बुमराह ने दूसरे ही ओवर में शानदार शुरुआत दिलाई और फॉर्म में चल रहे देवदत्त पाड्डिकल को एलबीडब्ल्यू कर डक पर वापस पवेलियन भेज दिया।
और पढ़ें: CSK vs KKR: घुटने से खून बहता रहा लेकिन जारी रही डुप्लेसिस की फील्डिंग, फैन्स को याद आये शेन वॉटसन

कोहली-भरत-मैक्सवेल के बल्ले से आया तूफान
इसके बाद कप्तान विराट कोहली (51) ने केएस भरत (32) के साथ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिये 43 गेंदों का सामना कर 67 रनों की साझेदारी कर डाली। भरत ने इस दौरान 24 गेंदों का सामना कर 2 चौके 2 छक्के की मदद से 32 रनों का योगदान दिया। राहुल चाहर ने इस विस्फोटक बल्लेबाज को आउट कर आरसीबी को दूसरा झटका दिया।
हालांकि आरसीबी के लिये कोहली का शो यहीं पर नहीं रोका उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल के साथ बड़े शॉट लगाने जारी रखे और 36 गेंदों में 51 रनों की साझेदारी कर डाली। यहां पर लग रहा था कि आरसीबी एक बड़े स्कोर की ओर बढ़ती नजर आ रही है। कोहली ने 42 गेंदों में 3 चौके 3 छक्के की मदद से 51 रनों की पारी खेली तो वहीं पर मैक्सवेल ने 37 गेंदों में 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से 56 रनों की पारी खेल डाली।

बुमराह ने कराई मुंबई की वापसी
एडम मिल्ने ने विराट कोहली का विकेट लेकर आरसीबी को तीसरा झटका दिया, तो एबी डिविलियर्स (11) ने 6 गेंद में एक चौका एक छक्का लगाकर तेजी से रन बनाना जारी रखा। 18 ओवर्स के बाद आरसीबी की टीम ने 160 रनों का आंकड़ा पार कर लिया था और ऐसा लग रहा था कि विराट सेना 180 रनों के स्कोर को पार कर जायेगी, जो कि इस मैदान पर चेज कर पाना थोड़ा मुश्किल होगा। हालांकि मुंबई के लिये जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट ने वापसी कराने का काम किया।

20 रन पीछे रह गई RCB की टीम
जसप्रीत बुमराह ने 19वें ओवर में सिर्फ 6 रन दिये और आरसीबी के दो विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल और एबी डिविलियर्स को लगातार दो गेंदों में आउट कर वापस पवेलियन भेज दिया। वहीं आखिरी ओवर में ट्रेंट बोल्ट ने सिर्फ 3 रन दिये और एक विकेट भी हासिल किया। नतीजन 180 की ओर बढ़ रही आरसीबी की टीम महज 165 रन ही बना सकी और मुंबई की टीम मैच में वापस आ गई। गौरतलब है कि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम जिस स्कोर पर पहुंच सकती थी लेकिन कम से कम 20 रन पीछे रह गई है। ऐसे में देखना होगा कि क्या उसे इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications