नई दिल्ली। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड इस समय अपने खिलाड़ियों के पूर्व ट्वीट को लेकर सुर्खियाों में छाया हुआ है, खासतौर से ईसीबी जिस तरह से इन नस्लीय ट्वीट्स की जांच को लेकर सक्रिय हो रहा है उसने पूर्व खिलाड़ियों के बीच काफी विवाद छेड़ दिया है कि क्या बोर्ड खिलाड़ियों के साथ सही कर रहा है या नहीं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में डेब्यू करने वाले ऑली रॉबिन्सन के 8 साल पुराने नस्लीय और अश्लील ट्वीट सामने आने के बाद ईसीबी ने उन्हें अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से सस्पेंड कर दिया है और जब तक बोर्ड की जांच रिपोर्ट वापस नहीं आ जाती तब तक वो अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी नहीं कर सकते।
वहीं बुधवार को ट्विटर पर इंग्लैंड के सीमित ओवर्स प्रारूप के कप्तान इयोन मोर्गन और विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर के कुछ पुराने ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हुए जिसमें यह खिलाड़ी भारत और वहां के लोगों का मजाक उड़ाते हुए नजर आ रहे हैं। इन ट्वीटस के वायरल होने के बाद ईसीबी ने अब इन ट्वीट्स की भी जांच शुरू कर दी है और दोषी पाये जाने पर कड़ी सजा मिल सकती है।
और पढ़ें: WTC फाइनल से पहले अजीत आगरकर ने बताया क्यों जीतेगा भारत, बताई टीम की 2 सबसे बड़ी ताकत
वहीं इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने ईसीबी की जांच को जबरदस्ती का ढोंग बताते हुए कई खिलाड़ियों पर हो रही नस्लीय टिप्पणियों की जांच को रोकने की बात कही है। वॉन का मानना है कि ईसीबी को गड़े मुर्दे उखाड़ने से बचना चाहिये वहीं ऑली रॉबिन्सन के केस में इंग्लैंड के खेल मंत्री ने ईसीबी के ज्यादा सख्त रवैया अपनाने की बात करते हुए फिर से सोचने की बात कही है।
माइकल वॉन ने ईसीबी को लेकर ट्वीट करते हुए लिखा, 'इयोन मोर्गन, जोस बटलर और जेम्स एंडरसन ने यह ट्वीट जिस समय किये उस वक्त किसी को भी इससे परेशानी नहीं हुई, लेकिन हैरानी की बात है कि इतने सालों बाद यह ट्वीट आपत्तिजनक और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले हो गये हैं। यह बहुत ही बचकाना और मजाकिया सी बात लगती है। ईसीबी को इस जांच का सर्कस यहीं पर रोक देना चाहिये।'
और पढ़ें: ICC की टेस्ट रैंकिंग में डेवॉन कॉन्वे ने मारी ऐतिहासिक एंट्री, ऐसा करने वाले तीसरे खिलाड़ी बनें
गौरतलब है कि ऑली रॉबिन्सन ने साल 2012 और 2013 के दौरान एक समुदाय के प्रति अश्लील और नस्लीय टिप्पणियां की थी जो कि उनके डेब्यू करने के बाद अचानक ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। जब यह ट्वीट बोर्ड के सामने आये तो उन्होंने रॉबिन्सन को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से सस्पेंड कर दिया। आपको बता दें कि रॉबिन्सन के सस्पेंशन के बाद सोशल मीडिया पर जोस बटलर और इयोन मोर्गन का सर शब्द के इस्तेमाल का मजाक उड़ाते हुए ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। इन सब के बीच ईसीबी कई पूर्व खिलाड़ियों के सोशल मीडिया अकाउंटस पर ट्वीट्स की जांच कर चुका है।