
आईसीसी टूर्नामेंट के दौरान भारत के पास नहीं होती वैकल्पिक योजना
नासिर हुसैन का मानना है कि आईसीसी टूर्नामेंट के दौरान भारतीय चयन समिति के पास उसका टॉप ऑर्डर फेल होने की स्थिति में वैकल्पिक योजना की कमी है और यही कारण है कि उसे आईसीसी टूर्नामेंट में खामियाजा भुगतना पड़ा।
नासिर हुसैन ने स्टार स्पोर्ट्स के कार्यक्रम 'क्रिकेट कनेक्टेड' में कहा, 'मैं कहूंगा कि आईसीसी टूर्नामेंटों में परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाना नहीं, बल्कि भारत का चयन गलत रहा। यह केवल एक मैच की योजना से जुड़ा हुआ नहीं है।'

तालमेल बिठाने में खिलाड़ियों को आती है दिक्कत
नासिर हुसैन का मानना है कि विराट कोहली और उपकप्तान रोहित शर्मा के शानदार प्रदर्शन के चलते भारतीय मध्यक्रम हमेशा तालमेल बिठाने को तैयार नहीं रहता।
उन्होंने कहा, 'अगर कोहली और शर्मा आउट हो जाते हैं और स्कोर दो विकेट पर 20 रन हो जाता है तो क्या आपका मध्यक्रम इस परिस्थिति के लिए तैयार है। भारतीय क्रिकेट के लिए यह गलत हो सकता है कि उसका शीर्ष क्रम बहुत अच्छा है। जब कोहली, शर्मा शतक जड़ते हैं और मध्यक्रम के बल्लेबाजों को मौका नहीं मिलता है तो ठीक रहता है।'

भारत को प्लान बी की जरूरत
हुसैन का मानना है कि जब भारत शुरू में तीन विकेट गंवा देता है तो उसके पास इसका कोई जवाब नहीं होता है।
उन्होंने कहा, 'अचानक आप का स्कोर तीन विकेट पर 20 रन हो जाता है और आपको (मध्यक्रम) मिशेल स्टार्क और जोश हेजलवुड का सामना करना होता है और फिर आप संभल नहीं पाते हो। इसलिए इसके लिए 'प्लान बी जरूरी होता है। केवल 'प्लान ए से ही काम नहीं चलता है।'
नासिर हुसैन को विराट कोहली का कप्तान के रूप में नजरिया पसंद है जो कि महेंद्र सिंह धोनी से अलग है। हालांकि कुछ विभाग हैं, जिनमें वह भारत के वर्तमान कप्तान से सुधार चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'अब भी कुछ विभाग हैं, जिनमें उन्हें सुधार करने की जरूरत है। मैं उसे बदलाव करने वाला व्यक्ति मानता हूं।'


Click it and Unblock the Notifications
