AFG vs NZ: मॉर्डन डे के स्पिन जादूगर राशिद खान ने रचा इतिहास, गप्टिल का विकेट लेकर बनाया बड़ा रिकॉर्ड
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रही टी20 विश्वकप के 40वें मैच में लाखों भारतीय फैन्स की निगाहें अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेले गये मुकाबले पर थी, जहां पर सभी भारतीय फैन्स अफगानिस्तान की जीत की कामना कर रहे थे। हालांकि अबुधाबी के मैदान पर खेले गये इस मैच में ऐसा हुआ नहीं और कीवी टीम ने 8 विकेट से जीत हासिल कर अफगानिस्तान और भारत को सेमीफाइनल की रेस से बाहर कर दिया। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड की टीम विश्वकप के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली चौथी टीम बन गई है और भारत का सेमीफाइनल में पहुंच पाने का सपना टूट गया है। भले ही इस मैच में मोहम्मद नबी की टीम ने जीत हासिल न की हो लेकिन मॉडर्न डे के स्पिन जादूगर राशिद खान ने अपनी फिरकी का जलवा बिखेरना जारी रखा है।
और पढ़ें: T20 WC में भारतीय गेंदबाजी से खुश नहीं बॉलिंग कोच भरत अरुण, टॉस पर फोड़ा बाहर होने का ठीकरा
राशिद खान ने इस मैच में खतरनाक नजर आ रहे सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल (28) को बोल्ड कर अपना इकलौता विकेट चटकाया, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने टी20 प्रारूप में 400 विकेट के आंकड़े को पूरा कर लिया। इस विकेट के साथ ही राशिद खान टी20 क्रिकेट में 400 विकेट चटकाने वाले पहले एशियाई खिलाड़ी बन गये हैं जबकि ओवरऑल इस आंकड़े को पार करने वाले चौथे खिलाड़ी बन गये हैं।
और पढ़ें: आखिर क्या होता है नेट रन रेट जिसके चलते WC से बाहर हुई साउथ अफ्रीका, जानें कैसे करते हैं कैलकुलेट

400 विकेट लेने वाले सबसे युवा खिलाड़ी
इतना ही नहीं राशिद खान टी20 क्रिकेट में 400 विकेट के आंकड़े तक पहुंचने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गये हैं, जिन्होंने महज 23 साल की उम्र में यह रिकॉर्ड हासिल कर लिया है। यह दर्शाता है कि वो आने वाले समय में 1000 टी20 विकेट चटकाने वाले पहले और इकलौते गेंदबाज बनने का दम रखते हैं। 2015 में अपना डेब्यू करने वाले राशिद खान को विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाने में ज्यादा वक्त नहीं लगा और यह कहना गलत नहीं होगा कि वो इस प्रारूप के सबसे बड़े गेंदबाज हैं जिन्होंने महज 7 साल के समय में 400 विकेट पूरे किये और इस दौरान 6.35 की इकॉनमी से कंजूसी से रन दिये।

सबसे तेज 400 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज
इसके साथ ही राशिद खान टी20 क्रिकेट में सबसे तेजी से 400 विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज भी बन गये हैं। राशिद खान ने महज 289 मैचों में 400 विकेट हासिल किये। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3 रन देकर 5 विकेट लेना रहा। राशिद खान ने इस दौरान 56 अंतर्राष्ट्रीय टी20 मैचों में शिरकत कर 6.19 की इकॉनमी से 103 विकेट चटकाये हैं। जबकि बिग बैश लीग में 50 मैच खेलकर 72 विकेट अपने नाम किये। राशिद खान ने इंडियन प्रीमियर लीग के 76 मैचों में 93 विकेट चटकाये हैं, तो कैरेबियन प्रीमियर लीग के 22 मैचों में 25 विकेट अपने नाम किये हैं। इसके अलावा राशिद खान ने पाकिस्तान सुपर लीग के 8 मैचों में भी शिरकत करते हुए 11 विकेट अपने नाम किये हैं।

खास क्लब में नाम किया शामिल
राशिद खान ने इसी साल विश्वकप में 100 अंतर्राष्ट्रीय टी20 विकेट लेने का कारनामा किया और विकेटों का शतक लगाने वाले चौथे गेंदबाज बने थे। इस फेहरिस्त में राशिद खान (103 विकेट) के अलावा शाकिब अल हसन (117 विकेट), लसिथ मलिंगा (107 विकेट) और टिम साउथी (106 विकेट) ने ही यह कारनामा किया है। टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के ड्वेन ब्रावो (553 विकेट) के नाम है जिन्होंने शनिवार को ही अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है, हालांकि अभी कुछ समय तक लीग क्रिकेट में वो खेलते नजर आयेंगे। वहीं दूसरे पायदान पर उनके हमवतन खिलाड़ी सुनील नरेन (425 विकेट) का नाम शामिल है तो वहीं पर इमरान ताहिर 420 विकेटों के साथ तीसरे पायदान पर काबिज हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications