नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रही टी20 विश्वकप का 24वां मैच दुबई के मैदान पर पाकिस्तान और अफगानिस्तान की टीम के बीच खेला गया, जहां पर बाबर आजम की कप्तानी वाली टीम ने टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत हासिल कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। पाकिस्तान की टीम को अपने बचे हुए मैचों में स्कॉटलैंड और नामिबिया का सामना करना है जिसमें उसकी जीत तय मानी जा रही है, ऐसे में पाकिस्तान की टीम का टॉप पर खत्म करते हुए सेमीफाइनल मैच में पहुंचना पक्का हो गया है। पाकिस्तान की टीम ने इस मैच से पहले भारत और न्यूजीलैंड की टीम को मात दी और अफगानिस्तान की टीम को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
हालांकि पाकिस्तान की टीम के लिये इस मैच में जीत हासिल करना आसान नहीं रहा और उसे अफगानिस्तान की टीम ने कड़ी टक्कर दी। अफगानिस्तान की टीम ने इस मैच में खराब शुरुआत के बावजूद निर्धारित 20 ओवर्स में 147 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में पाकिस्तान की टीम ने अच्छी बल्लेबाजी की लेकिन राशिद खान, मोहम्मद नबी और मुजीब उर रहमान के दम पर अफगानिस्तान ने वापसी की। पाकिस्तान को जीत के लिये आखिरी 12 गेंदों में 24 रन की दरकार थी।
और पढ़ें: BAN vs WI: शारजाह के मैदान पर लगी रिकॉर्डों की झड़ी, रसेल-होल्डर के नाम हुई बड़ी उपलब्धि
ऐसा लगा कि मैच फंस सकता है लेकिन आसिफ अली ने 19वें ओवर में विस्फोटक बल्लेबाजी और करीम जनात के एक ओवर में 4 छक्के लगाकर अपनी टीम को एक ओवर पहले ही 5 विकेट से जीत दिला दी। इससे पहले अफगानिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया था और महज 39 रन के स्कोर पर पावरप्ले में अपने 4 विकेट खो दिये। 13वें ओवर तक अफगानिस्तान की टीम ने महज 76 रन के स्कोर पर अपने 6 विकेट खो दिये थे, हालांकि इसके बाद कप्तान मोहम्मद नबी (35) और गुलबदीन नईब (35) ने नाबाद 71 रनों की साझेदारी कर अफगानिस्तान की टीम को 147 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया।
जवाब में रनों का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने महज 12 रन के स्कोर पर मोहम्मद रिजवान (8) का विकेट खो दिया। पावरप्ले के दौरान मुजीब उर रहमान ने शानदार गेंदबाजी की और अपने 4 ओवर में 14 रन देकर एक विकेट हासिल किया। हालांकि इसके बाद कप्तान बाबर आजम (51) ने फखर जमान (30) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिये 63 रनों की साझेदारी की और मैच को एकतरफा कर दिया।
और पढ़ें: AFG vs PAK: आसान नहीं होगा अफगानिस्तान को हराना, खराब शुरुआत के बावजूद पाकिस्तान को धोया
12वें ओवर में कप्तान नबी ने फखर जमान का विकेट लेकर इस साझेदारी को तोड़ा, तो वहीं पर दूसरे छोर से राशिद खान ने पहले मोहम्मद हाफिज और फिर मोहम्मद हाफिज का विकेट लेकर अपनी टीम की वापसी करायी। मैच में उस वक्त रोमांच और भी बढ़ गया जब 18वें ओवर में नवीन उल हक ने पाकिस्तान के सीनियर बल्लेबाज शोएब मलिक का विकेट लिया और दोनों छोरों पर नये बल्लेबाज रह गये। पाकिस्तान की टीम को जीत के लिये 12 गेंदों में 24 रन की दरकार थी, लेकिन करीम जमात के 19वें ओवर में आसिफ अली ने 4 छक्के लगाकर मैच को एक ओवर पहले ही खत्म कर दिया।