Ranji Trophy: मैच से पहले मुंबई की टीम को लगा झटका, कोरोना की चपेट में आये शिवम दुबे
नई दिल्ली। घेरलू क्रिकेट में भारत के सबसे बड़े रेड बॉल टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी का 2019 के बाद पहली बार आयोजन होने जा रहा है, हालांकि टूर्नामेंट के आगाज से पहले मुंबई की टीम को बड़ा झटका लगा है। रणजी ट्रॉफी में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी इस समय बायोबबल में प्रवेश करने के लिये अनिवार्य कोरोना टेस्ट कराकर क्वारंटीन हो रहे हैं। इसकी वजह से कई खिलाड़ी इस वायरस के टेस्ट में पॉजिटिव भी पाये जा रहे हैं। कोरोना वायरस की चपेट में आने वाले खिलाड़ियों की फेहरिस्त में अब भारत के हरफनमौला खिलाड़ी शिवम दुबे का नाम जुड़ गया है जो रणजी ट्रॉफी में मुंबई की तरफ से खेलने वाले थे।
कोरोना वायरस की चपेट में आने के बाद शिवम दुबे मुंबई की टीम के लिये पहले दो मैचों में शिरकत नहीं कर पायेंगे। मुंबई की टीम के लिये शिवम दुबे से पहले उसके वीडियो एनालिस्ट भी कोरोना वायरस की रिपोर्ट में पॉजिटिव पाये गये थे। उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस के नये वैरिएंट ओमिक्रॉन ने दुनिया भर में एक बार फिर से लोगों को तेजी से अपने शिकंजे में कसना शुरू कर दिया है।
और पढ़ें: 'करियर बचाने के लिये बची है सिर्फ एक पारी', पुजारा-रहाणे के फ्लॉप शो पर पूर्व कप्तान ने सुनाया फैसला
रणजी ट्रॉफी 2021-22 के सीजन में मुंबई की टीम अपने कैंपेन का आगाज 13 जनवरी से करेगी, जिसके लिये वह कोलकाता जाने वाली है। शिवम दुबे की टीम अब कोलकाता में बिना शिवम दुबे के मैच खेलने पहुंचेगी। वहीं पर मुंबई के मुख्य चयनकर्ता सलील अंकोला ने शिवम दुबे की जगह सैराज पाटिल को टीम में शामिल किया गया है। सैराज पाटिल ने विजय हजारे ट्रॉफी 2021 के सीजन में डेब्यू किया था और अब शिवम दुबे की जगह महाराष्ट्र और दिल्ली के खिलाफ होने वाले मैचों में टीम का हिस्सा बनेंगे।
न्यूज 18 से बात करते हुए मुंबई चयन समिति से जुड़े एक सूत्र ने शिवम दुबे को कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि की है और कहा कि मुंबई के खेमे से वीडियो एनालिस्ट और शिवम दुबे वायरस की चपेट में आ गये हैं और फिलहाल सैराज पाटिल को उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया गया है।
गौरतलब है कि शिवम दुबे की विस्फोटक बल्लेबाजी और गेंदबाजी के प्रदर्शन से मुंबई के मध्यक्रम को काफी मजबूती मिलती है, जिसकी वजह से इस खिलाड़ी का बाहर होना टीम के लिये काफी नुकसानदायक रहा है। आपको बता दें कि शिवम दुबे भारत के लिये सीमित ओवर्स प्रारूप के दोनों प्रारूप में डेब्यू कर चुके हैं लेकिन टेस्ट क्रिकेट में जगह बनाने से अभी कोसो दूर हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
