BCCI ने क्यों छीनी विराट कोहली की वनडे से कप्तानी, अब सौरव गांगुली ने दिया जवाब
नई दिल्ली। दुनिया भर में फैली महामारी कोरोना वायरस के नये वैरिएंट ओमिक्रॉन के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने साउथ अफ्रीका दौरे को बरकरार रखते हुए बुधवार को 18 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। बीसीसीआई ने इस दौरान सिर्फ टेस्ट सीरीज के शेड्यूल का ऐलान किया है जिसका पहला मैच 26 दिसंबर से खेला जायेगा तो वहीं पर आखिरी टेस्ट मैच 11 से 15 जनवरी के बीच आयोजित होगा। बोर्ड ने भले ही वनडे सीरीज के लिये तारीखों का ऐलान नहीं किया हो लेकिन यह साफ कर दिया है कि भारतीय टीम इस दौरे पर 3 मैचों की वनडे सीरीज भी खेलेगी। वनडे सीरीज का ध्यान रखते हुए भारतीय चयन समिति ने टीम के ऐलान के साथ ही इस प्रारूप की कप्तानी बदलने की भी घोषणा कर दी है।
और पढ़ें: वनडे कप्तानी के 3 बड़े रिकॉर्ड जिसे तोड़ने की दहलीज पर थे कोहली, अब नाम नहीं होगी यह उपलब्धि
बीसीसीआई की ओर से जारी की गई प्रेस रिलीज के अनुसार साउथ अफ्रीका दौरे पर वनडे प्रारूप की कमान विराट कोहली के बजाय टी20 प्रारूप के नये कप्तान रोहित शर्मा ही संभालेंगे। इसके साथ ही यह पहली बार होगा जब बीसीसीआई कप्तानी के मामले में स्प्लिट कैप्टेंसी के फॉर्मूले पर काम करती नजर आयेगी। बीसीसीआई ने अपने बयान में सिर्फ इस बात की जानकारी दी है और यह नहीं बताया है कि उसने यह फैसला किस वजह से लिया है।
और पढ़ें: वनडे की कप्तानी छोड़ने से कोहली ने किया था इंकार, 48 घंटे के अल्टीमेटम के बाद BCCI ने छीनी कमान

गांगुली ने बताया क्यों छीनी वनडे की कप्तानी
इसको लेकर सोशल मीडिया पर फैन्स के बीच काफी हंगामा भी देखने को मिला है जिसकी वजह से बुधवार को ट्विटर पर शेम ऑन यू बीसीसीआई, जय शाह और सौरव गांगुली को लेकर हैशटेग ट्रेंड करते हुए नजर आये। इस बीच बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने रोहित शर्मा को नया कप्तान बनाने और विराट कोहली को वनडे की कप्तानी से हटाने को लेकर चुप्पी तोड़ते हुए उस कारण का खुलासा किया है जिसकी वजह से यह फैसला लिया गया है।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए सौरव गांगुली ने कहा,'यह वो फैसला था जिसे बीसीसीआई और चयनकर्ताओं ने मिलकर लिया है। दरअसल बीसीसीआई ने विराट से टी20 की कप्तानी न छोड़ने की अपील की थी लेकिन वो नहीं माने और उन्होंने कप्तानी से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद चयनकर्ताओं को सफेद बॉल के दो प्रारूप के लिये दो अलग कप्तान रखना सही नहीं लगा। इसी वजह से यह निर्णय लिया गया कि विराट कोहली टेस्ट टीम की कमान संभालते रहेंगे, जबकि रोहित पूरी तरह से सफेद बॉल प्रारूप की कप्तानी करेंगे।'

खुद कोहली से बात कर दी थी जानकारी
उल्लेखनीय है कि रोहित शर्मा ने पिछले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई 3 मैचों की टी20 सीरीज के साथ क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप की कमान संभाली थी और अब जनवरी में खेली जाने वाली वनडे सीरीज के साथ वो इस प्रारूप के भी नियमित कप्तान बन जायेंगे। गांगुली ने आगे बात करते हुए बताया कि वनडे प्रारूप की कप्तानी को लेकर लिये गये इस फैसले पर चयन समिति के चेयरमैन चेतन शर्मा ने खुद कोहली से बात की और उनके योगदान को लेकर धन्यवाद कहा।
गांगुली ने कहा,'बतौर बीसीसीआई अध्यक्ष मैने खुद विराट कोहली से बात की और साथ ही चयन समिति के चेयरमैन ने भी उन्हें इस फैसले के बारे में बताया। हमें रोहित शर्मा की नेतृत्व क्षमता पर पूरा भरोसा है और विराट टेस्ट कप्तान के रूप में नेतृत्व करना जारी रखेंगे। हमें एक बोर्ड के तौर पर पूरा भरोसा है कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य अच्छे हाथों में है। हम विराट कोहली को सीमित ओवर्स प्रारूप में बतौर कप्तान उनके योगदान के लिये धन्यवाद कहना चाहते हैं।'

टेस्ट टीम के उपकप्तान भी बने रोहित शर्मा
गौरतलब है कि 26 दिसंबर से आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के तहत खेली जाने वाली भारत-साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज के लिये रोहित शर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी भी दी गई है। आपको बता दें कि चयनकर्ताओं ने इस टेस्ट सीरीज के लिये नियमित उपकप्तान अजिंक्य रहाणे को 18 सदस्यीय टीम में जगह तो दी है लेकिन उन्हें उपकप्तान के पद से हटा दिया है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
