'ऐसा लगा जैसे मुझे जीने नहीं देंगे', रितिका के साथ सीक्रेट डेटिंग पर रोहित शर्मा ने किया खुलासा
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों की बात करें तो उनकी जिंदगी काफी पब्लिक रहती है और फैन्स की दीवानगी को देखते हुए उनका निजी जिंदगी को बरकरार रख पाना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। खासतौर से सोशल मीडिया के तेजी से हुए विकास और तकनीक में बदलाव ने क्रिकेटर्स के लिये इस काम को और मुश्किल बना दिया है। भारतीय क्रिकेट टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची है, जहां पर उसकी बल्लेबाजी की रीढ़ की हड्डी माने जाने वाले सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा भी खेलने पहुंचे हैं।
और पढ़ें: IND vs ENG: टेस्ट क्रिकेट में भारत के सबसे अनलकी कप्तान बने कोहली, तोड़ा धोनी का शर्मनाक रिकॉर्ड
इंग्लैंड दौरे पर पहुंचे इस सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने हाल ही में स्कॉय स्पोर्टस की कमेंट्री पैनल में शामिल दिनेश कार्तिक को दिये गये इंटरव्यू में शादी से पहले अपनी पत्नी रितिका सजदेह के साथ डेटिंग लाइफ को लेकर खुलासा किया और बताया कि क्यों उन्होंने इसे इतना ज्यादा सीक्रेट रखा हुआ था।

शुरू में हमें भी नहीं पता था कि क्या होने वाला है
दिनेश कार्तिक के साथ हुई बातचीत के दौरान रोहित शर्मा ने खुलासा किया कि शादी से पहले उनकी पत्नी रितिका और खुद उन्हें कभी महसूस नहीं हुआ कि वो एक दूसरे को डेट कर रहे हैं। उन्होंने आगे बताया कि शादी से पहले उन दोनों के बीच काफी स्ट्रेटफॉरवर्ड रिश्ता था।
स्कॉय स्पोर्टस के यूट्यूब चैनल पर जारी हुए इस इंटरव्यू में उन्होंने कहा,' हमें कभी महसूस नहीं हुआ कि हम एक दूसरे को डेट कर रहे हैं। हम एक साथ काम कर रहे थे। वो अभी भी मेरी मैनेजर हैं और शादी से पहले भी मेरी मैनेजर ही थी। हम दोनों के बीच एक बेहद सीधा रिश्ता था जिसमें घंटों काम करने के बाद हम एक दूसरे के काफी अच्छे दोस्त बन गये थे। मुझे इस बात की बिल्कुल परवाह नहीं थी कि लोग क्या कह रहे थे, लेकिन मेरे बेहद करीबी दोस्तों को इस रिश्ते में दोस्ती से कुछ ज्यादा नजर आया।'

ऐसा लगा जैसे जीने नहीं देंगे
रोहित शर्मा ने बताया कि रितिका और उनके बीच काफी अच्छी दोस्ती थी लेकिन उनके करीबी दोस्तों को इस रिश्ते में दोस्ती से कुछ ज्यादा नजर आया। उन्होंने आगे बताया कि रितिका और वो एक दूसरे की काफी केयर करते थे लेकिन जो उनके दोस्त और करीबी लोगों ने महसूस किया वो आगे चलकर सच साबित हुआ। उन्होंने आगे कहा कि शुरुआत में उन्हें नहीं समझ आ रहा था कि वो अपने करीबी दोस्तों को इस बारे में कैसे बताये कि वो रितिका को डेट कर रहे है क्योंकि अगर वो इस बारे में उनके दोस्तों को बताते हैं तो वो उन्हें शांति से जीने नहीं देते।
उन्होंने कहा,'शुरुआत में यह सिर्फ दोस्ती और एक दूसरे के प्रति केयर से ज्यादा नहीं था हालांकि आगे चलकर हमें महसूस हुआ कि उनके दोस्त सही थे। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि मैं अपने दोस्तों को इस बारे में कैसे बताउं। जब हमने आधिकारिक रूप से डेटिंग करना शुरू किया तो मैं इस बारे में सोचने लगा कि कैसे अपने दोस्तों को बताउं। मुझे ऐसा महसूस हुआ कि पता चलने पर वो मुझे जीने नहीं देंगे।'

लॉर्डस में खेली ऐतिहासिक पारी
गौरतलब है कि रोहित शर्मा ने लॉर्डस के मैदान पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में केएल राहुल के साथ एक बार फिर शानदार आगाज करते हुए पहली विकेट के लिये 126 रनों की साझेदारी की और 145 गेंदों में 11 चौके एक छक्के की मदद से 83 रनों की पारी खेली।
आपको बता दें कि रोहित शर्मा भारत के लिये 41वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं और लॉर्डस की पहली पारी में बनाये गये रन की बदौलत टेस्ट क्रिकेट में 2800 रन पूरे कर लिये हैं। वहीं पर 227 वनडे मैच में इस खिलाड़ी ने 9205 रन जबकि 111 टी20 मैचों में 2864 रन बनाने का कारनामा किया है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
