
जानें क्या बोले पाकिस्तान जाल्मी के मालिक जावेद अफरीदी
पाकिस्तान जाल्मी के मालिक जावेद अफरीदी ने प्रो पाकिस्तान डॉट पीके से बात करते हुए कहा कि कोरोना वायरस के चलते पीएसएल को स्थगित करने के निर्णय का मैं समर्थन करता हूं लेकिन मुझे लगता है कि लीग पूरी हो सकती थी।
उन्होंने कहा,' मैं लीग को स्थगित किए जाने के निर्णय का समर्थन करता हूं लेकिन निजी तौर पर मैं बाकी बचे मैच कराने का पक्षधर हूं। जब हम फ्रेंचाइजीज और पीसीबी के साथ मीटिंग के दौरान इस विषय पर चर्चा कर रहे थे तब मैंने यह मुद्दा उठाया था कि यह केवल 48 घंटो की बात है। ऐसे में पीएसएल के इस सीजन का आयोजन पूरा किया जाना चाहिए था।'

शोएब अख्तर ने लिया आड़े हाथ, जानें क्या बोले
वहीं फ्रैंचाइजी मालिक जावेद अफरीदी की नाराजगी सामने आने के बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर काफी खफा हुए और उनकी इस बयानबाजी पर उन्हें आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि क्या पीएसएल टीम के मालिक इतने लालची हो गये हैं कि कोरोना वायरस के चलते इतना सब कुछ हो जाने के बावजूद मैच कराना चाहते हैं।
उन्होंने कहा,' मुझे समझ नहीं आता कि यह कैसे लोग हैं जिनका लालच इंसान की जान से बड़ा है। जरा सोच कर देखिये, भले यह कराची हो या लाहौर, अगर किसी तरह यह कोरोनावायरस का संक्रमण स्टेडियम में बैठे सभी लोगों को हो जाता है तो क्या हो सकता था। मेरी नजर में पीसीबी ने पहले ही इस लीग को स्थगित करने में 6 दिन की देरी कर दी थी और ऐसे में अगर आगे के मैच भी कराये जाते तो यह बहुत बड़ी गलती होती। लोगों की जान को खतरे में डालना एक सही निर्णय नहीं हो सकता है।'

लालची हो गये हैं पीएसएल मालिक
शोएब अख्तर ने पाकिस्तान जालमी के मालिक जावेद अफरीदी को करारा जवाब देते हुए कहा कि न जाने कितने लालची हो गये हैं लोग जो लोगों की जान से ज्यादा लीग को पूरा कराने पर ध्यान देने की बात कर रहे हैं।
गौरतलब है कि कोरोना वायरस के चलते दुनिया भर में अब तक करीब 2 लाख से अधिक लोग इसका शिकार हो चुके हैं और करीब 8000 लोगों की मौत हो चुकी है। आपको बता दें कि भारत में कोरोना वायरस के अब तक करीब 150 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं जबकि तीन की मौत हो चुकी हैं।


Click it and Unblock the Notifications
