महिला IPL के आयोजन में देरी को लेकर BCCI पर भड़की स्मृति मंधाना, दिया बड़ा बयान
नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने विमेन्स आईपीएल को शुरुने को लेकर अपनी राय रखी है और उनका मानना है कि देश के पास इतनी महिला खिलाड़ी उपलब्ध हैं कि कि वो 6 टीमों का महिला आईपीएल शुरू कर सकता है, जिससे भारतीय टीम के बेंच स्ट्रेंथ को मजबूती मिलेगी। 25 वर्षीय मंधाना का मानना है कि भारतीय पुरुष टीम के घरेलू स्तर के खिलाड़ियों की क्वालिटी में तबसे सुधार देखने को मिला है जब से इस टी20 लीग की शुरुआत हुई है। ऐसा ही कुछ महिला क्रिकेट के लिये भी हो सकता है।
भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए मंधाना ने कहा,'भारतीय महिला और पुरुष क्रिकेट टीम के पास बराबर संख्या में राज्य मौजूद हैं। जब पुरुषों के आईपीएल की शुरुआत हुई तब भी राज्य की टीमों की संख्या इतनी ही थी। लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया इन खिलाड़ियों के खेल की क्वालिटी बेहतर होती चली गई।'
और पढ़ें: 'अगर भारत हमें छेड़ेगा तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं', लॉर्डस की हार के बाद बाले इंग्लैंड के कोच
स्मृति मंधाना ने कहा, 'आज आईपीएल क्या है, यह आज से 10-11 साल पहले ऐसी नहीं थी। मुझे लगता है कि महिला क्रिकेट के लिये भी यह ऐसा हो सकता है। हमारे देश में पुरुषों की बराबरी में ही महिला खिलाड़ी भी क्रिकेट खेलती हैं। अभी के लिये मुझे लगता है कि मह 5 से 6 टीमों के साथ महिला आईपीएल की शुरुआत कर सकते हैं और एक-दो सालों में इसे 8 टीम की लीग बना सकते हैं। लेकिन जब तक हम शुरुआत नहीं करते तब तक हम नहीं जान सकते कि क्या होने वाला है।'
मंधाना का मानना है कि लीग के जरिये महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का सही माहौल मिल सकेगा जो उनके खेल का विकास करने में मदद करेगा।
उन्होंने कहा,'5-6 टीमों के साथ हम अभी आगे बढ़ने को तैयार हैं लेकिन 8 टीमों के साथ जाने के लिये मुझे नहीं लगता कि हम अभी तैयार हैं। लेकिन मुझे लगता है कि अगर 5-6 टीमों के साथ शुरुआत करते हैं तो हम जल्द ही 8 टीमों के टूर्नामेंट तक पहुंच जायेंगे। मेरा मानना है कि जब तक हम महिला आईपीएल का आगाज नहीं करते हैं तब तक हम अपनी लड़कियों को खेल के अलग स्तर पर ले जाने में मदद नहीं कर रहे हैं।'
मंधाना ने आगे बात करते हुए कहा कि महिला बिग बैश लीग के चलते ऑस्ट्रेलियाई टीम की बेंच स्ट्रेथ काफी मजबूत हो गई है, यह ऐसी चीज है जिसे बीसीसीआई महिला क्रिकेट टीम के लिये आईपीएल के जरिये दोहरा सकता है।
उन्होंने कहा,'मैं बिग बैश लीग में 4 साल पहले खेली थी और अब उसका स्तर काफी अलग हो चुका है। आप देख सकते हैं कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के पास किसी भी समय 40-50 महिला खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलने को तैयार रहते हैं। मैं ऐसा ही कुछ भारतीय क्रिकेट में भी होते हुए देखना चाहती हूं। मुझे लगता है कि आईपीएल इसमें बड़ा रोल अदा कर सकता है।'
आपको बता दें कि फिलहाल बीसीसीआई महिलाओं के लिये 3 टीमों का विमेन्स टी20 चैलेंज आयोजित कराता है जिसमें ट्रेलब्लेजर्स, सुपरनोवाज और वेलोसिटी की टीम के बीच टूर्नामेंट कराया जाता है, हालांकि टूर्नामेंट में ज्यादा मैच नहीं होते जिसके चलते इसे महिला आईपीएल कहा जा सके।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
