SA vs ENG: क्विंटन डिकॉक ने तोड़ा डिविलियर्स का रिकॉर्ड, आखिरी 2 गेंद में हारी दक्षिण अफ्रीका
नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच जारी 3 मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मैच में एक बार फिर रोमांचक खेल देखने को मिला। हालांकि इस बार दक्षिण अफ्रीकी टीम जीत हासिल कर पाने में नाकाम रही और 2 रन से हार गई। साउथ अफ्रीका के नये कप्तान क्विंटन डिकॉक की कप्तानी में किंग्समीड में खेले गये दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका को हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद इंग्लैंड ने सीरीज में वापसी करते हुए सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है।
और पढ़ें: IND vs NZ: टेस्ट सीरीज से पहले कीवी टीम को बड़ा झटका, बाहर हुआ यह दिग्गज खिलाड़ी
इंग्लैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 204 रन बनाये और दक्षिण अफ्रीका को 205 रनों का लक्ष्य दिया। इसका पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम ने क्विंटन डिकॉक (65) और टेंबा बावुमा (31) के दम पर शानदार शुरुआत की। हालांकि टीम इस बार लक्ष्य को पार कर पाने में असफल रही पर इस दौरान कप्तान क्विंटन डि कॉक ने अपनी टीम के लिये एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
और पढ़ें: पाकिस्तान जाकर टी20 खेलने से साउथ अफ्रीका ने किया इंकार, जानें क्या है मामला

महज 17 गेंद में ठोंका अर्धशतक
साउथ अफ्रीकी कप्तान क्विंटन डि कॉक ने इंग्लैंड के खिलाप खेलते हुए 22 गेंदों में 65 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 2 चौके और 8 छक्के लगाये। इतना ही नहीं वह साउथ अफ्रीका की ओर से अंतर्राष्ट्रीय टी20 में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गये। डिकॉक ने महज 17 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

क्विंटन डिकॉक ने तोड़ा डिविलियर्स का रिकॉर्ड
इससे पहले यह रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के मिस्टर 360 के नाम से मशहूर एबी डिविलियर्स के नाम था जिन्होंने 2016 में 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था। हालांकि डि कॉक का यह तूफानी अर्धशतक भी दक्षिण अफ्रीका को जीत नहीं दिला सका और मेजबान टीम को दो रन से हार का सामना करना पड़ा।
टी-20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड भारत के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी युवराज सिंह के नाम हैं, जिन्होंने 2007 टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा था।

ऐसा रहा फाइनल ओवर का रोमांच
इंग्लैंड की ओर से 205 रनों का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने शानदार शुरुआत की और पहले विकेट के लिये 92 रन जोड़े। डिकॉक और बावुमा के अलावा डेविड मिलर (21), जेजे स्म्ट्स (13) और ड्वेन प्रीटोरियस ने (25) छोटी-छोटी पारियों से टीम को मैच में बनाये रखा।
आखिरी ओवर में दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिये 15 रनों की दरकार थी, टॉम कुरैन ने पहली गेंद खाली निकाली जिसके बाद प्रीटोरियस ने दूसरी गेंद पर छक्का जड़ दिया। अगली गेंद पर इस बल्लेबाज ने मिड विकेट की दिशा में एक और करारा शॉट खेलकर 4 रन बटोरे। चौथी गेंद पर 2 रन बटोरने के बाद दक्षिण अफ्रीका की टीम को आखिरी 2 गेंद में जीत के लिये 3 रन की दरकार थी, यहां पर टॉम कुरैन ने मैच को पलट दिया और आखिरी 2 गेंद में 2 विकेट लेकर इंग्लैंड को एक रोमांचक जीत दिलाई।

तीसरी बार इंग्लैंड ने जीता इतना करीबी मैच
यह अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में तीसरा मौका है जब इंग्लैंड की टीम ने इतनी करीबी जीत हासिल की हो, इसमें से 2 बार उसने दक्षिण अफ्रीका को ही मात दी है। इससे पहले साल 2009 में जोहान्सबर्ग में खेले गये मुकाबले में इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका को 1 रन से हराया था, जबकि 2018 में हैमिल्टन टी20 के दौरान कीवी टीम को 2 रन से हराकर दूसरी करीबी जीत हासिल की थी।
इंग्लैंड के ओपनर जेसन रॉय ने 40 रन और बेन स्टोक्स ने नाबाद 47 रनों की शानदार पारी खेली। हालांकि उनकी शुरुआत बहुत तेज नहीं थी लेकिन जॉनी बेयरस्टो की 17 गेंद में 35 रन और मोइन अली की 11 गेंद में 39 रन की तेज तर्रार पारियों की बदौलत इंग्लैंड की टीम ने 20 ओवर में 204 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा कर लिया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
