
विवाद के बाद कोहली की टेस्ट कप्तानी पर चयनकर्ताओं की नजर
साउथ अफ्रीका दौरे पर रवाना होने से पहले विराट कोहली ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी जिसमें उन्होंने मीडिया के उन सवालों का जवाब दिया जो कि वनडे प्रारूप से उनकी कप्तानी छिनने के बाद लगातार रिपोर्ट के आधार पर सामने आ रही थी। विराट कोहली ने इस कॉन्फ्रेंस के दौरान सभी कयासों को निराधार बताते हुए अफवाह करार दिया। हालांकि खुद से वनडे प्रारूप की कमान छिनने और टी20 प्रारूप की कप्तानी न छोड़ने की बात कहे जाने वाले बयानों पर उन्होंने जो जवाब दिये उससे बीसीसीआई और कोहली के बीच सबकुछ ठीक नजर नहीं आ रहा है।
कोहली के बयान से जहां बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली झूठे साबित होते नजर आये तो वहीं पर चयनकर्ताओं और कप्तान कोहली के बीच कम्युनिकेशन गैप का मुद्दा भी नजर आया। ऐसे में बीसीसीआई के बड़े अधिकारी कोहली से नाराज नजर आ रहे हैं। भले ही सौरव गांगुली ने इस मुद्दे पर साफ किया है कि मामले को खींचने की जरूरत नहीं है लेकिन साउथ अफ्रीका दौरे पर चयनकर्ताओं की पैनी नजर रहने वाली है।

अगर नहीं किया प्रदर्शन तक भयंकर हो सकते हैं परिणाम
भारतीय क्रिकेट इस समय स्प्लिट कैप्टेंसी के फॉर्मेट में खेल रहा है, जिसमें टेस्ट प्रारूप की कमान विराट कोहली के पास है तो वहीं पर सफेद बॉल क्रिकेट में रोहित शर्मा टीम की कमान संभालते नजर आयेंगे। चोट की वजह से टेस्ट प्रारूप के उपकप्तान रोहित शर्मा दौरे पर नहीं जा सके हैं, ऐसे में साउथ अफ्रीका दौरे पर पहुंचे विराट कोहली के लिये बल्ले से प्रदर्शन करना और भी जरूरी हो गया है। विराट कोहली पिछले 2 साल से बल्ले से संघर्ष करते नजर आये हैं। वह इस दौरान न सिर्फ शतक से महरूम रहे हैं बल्कि कई बार शून्य पर आउट होते नजर आये हैं।
ऐसे में जब बोर्ड उनसे नाराज है और चयनकर्ताओं की पैनी नजर उनकी बल्लेबाजी पर है तो कोहली के लिये प्रदर्शन करना और भी ज्यादा जरूरी हो गया है। अगर विराट कोहली इस दौरे पर प्रदर्शन करने में नाकाम रहते हैं, तो वह दिन दूर नहीं है जब टेस्ट प्रारूप की कमान भी उनसे लेकर रोहित को दी जा सकती है। चयनकर्ताओं ने खराब प्रदर्शन से जूझ रहे अजिंक्य रहाणे को उपकप्तानी से हटाकर पहले ही अपने इरादे साफ कर दिये हैं कि प्रदर्शन करने वाला खिलाड़ी ही टीम में रहेगा।

कोहली के पास इतिहास रचने का मौका
अगर विराट कोहली साउथ अफ्रीका दौरे पर जीत हासिल करने में कामयाब हो जाते हैं तो वो सेना (साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में से 3 देशों में भारतीय टीम को टेस्ट सीरीज जिताने वाले पहले कप्तान बने जायेंगे। कोहली की कप्तानी में भारत ने 2018-19 में ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में हराया था, तो वहीं पर इस साल इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 (आखिरी मैच जुलाई 2022 में खेला जायेगा) से आगे है और जब आखिरी मैच खेला जायेगा तो भारत अगर मैच को ड्रॉ भी कराता है तो सीरीज अपने नाम करेगा। न्यूजीलैंड में भारत को 2-0 से हार का सामना करना पड़ा था और अब साउथ अफ्रीका में खेली जाने वाली सीरीज में वो जीत हासिल कर लेते हैं तो यहा 4 में से 3 देशों में टेस्ट सीरीज जिताने वाले पहले कप्तान बन जायेंगे।


Click it and Unblock the Notifications
