नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल मैच साउथैम्पटन के मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर कीवी टीम ने पहले गेंदबाजी करते हुए भारतीय टीम को पहली पारी में 217 रन पर समेटने का काम किया। बारिश और मौसम के चलते अब तक का खेल काफी प्रभावित हुआ है। मौसम को देखते हुए जहां कीवी टीम ने 5 तेज गेंदबाजों को खिलाने का काम किया है तो वहीं पर भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव न करते हुए 2 स्पिनर्स को टीम में रखने का काम किया है। कीवी टीम की ओर से 5 तेज गेंदबाज खिलाने के फैसले को लेकर जहां कई दिग्गज खिलाड़ी मास्टर स्ट्रोक बता रहे हैं तो वहीं पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिन गेंदबाज शेन वॉर्न ने अपनी नाराजगी जाहिर की।
शेन वॉर्न ने केन विलियमसन के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा था कि इस विकेट पर गेंद काफी स्पिन होने वाला है ऐसे में केन विलियमसन का एक भी स्पिनर न खिलाना बहुत मुश्किल पैदा करने वाला है। हालांकि शेन वॉर्न का यह कमेंट एक फैन को पसंद नहीं आया और उन्होंने वॉर्न से स्पिन को लेकर सवाल कर दिया कि क्या वो स्पिन के बारे में कुछ भी जानते हैं। वहीं सोशल मीडिया पर फैन का यह कमेंट काफी वायरल हो गया जिसे भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज ने स्क्रीनशॉट लेकर वॉर्न से मजे लेने का काम किया।
और पढ़ें: WTC फाइनल में 5 विकेट ले जैमिसन ने रचा इतिहास, ICC फाइनल में नाम किया बड़ा रिकॉर्ड
उल्लेखनीय है कि शेन वॉर्न ने केन विलियमसन के फैसले पर सवाल उठाते हुए लिखा था कि कीवी टीम के फैसले से काफी निराश हूं, जिन्होंने टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल मैच में एक भी स्पिन गेंदबाज नहीं खिलाने का काम किया। साउथैम्पटन की विकेट पर काफी स्पिन देखने को मिलने वाली है और इस पिच पर काफी फुट मार्क्स भी बनते नजर आयेंगे। याद रखिये यहां पर गेंद काफी स्पिन होने वाली है, अगर भारत इस पिच पर 275 से 300 का स्कोर बना लेता है तो इस मैच को खत्म ही समझिये अगर बारिश बीच में नहीं आती है तो।
शेन वॉर्न के इस ट्वीट पर एक फैन ने उनकी टिप्पणी पर रिप्लाई करते हुए लिखा कि क्या आपको स्पिन के बारे में कुछ भी पता है। क्या आप जानते हैं कि स्पिन कैसे होती है। स्पिन होने के लिये पिच का सूखना जरूरी होता है, जबकि बारिश के चलते यहां काफी ड्यू रहेगी और इसके चलते यह पिच कभी भी सूखी नहीं रहने वाली है।
और पढ़ें: IND vs NZ WTC FInal: काइल जैमिसन के पंजे में फंसा भारत, 217 रन पर समेटकर रचा इतिहास
गौरतलब है कि फैन की ओर से शेन वॉर्न को स्पिन पर दिया गया यह ज्ञान वीरेंदर सहवाग को काफी पसंद आया और उन्होंने यूजर का स्क्रीनशॉट लेकर फिर से ट्वीट किया और वॉर्न को टैग करते हुए लिखा कि वह इस तस्वीर को फ्रेम करा लें और स्पिन को समझने का प्रयास करें। आपको बता दें कि शेन वॉर्न ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े स्पिन गेंदबाज हैं जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में दूसरा स्थान हासिल किया है। वॉर्न ने अपने करियर के दौरान 708 टेस्ट विकेट और 293 वनडे विकेट हासिल करने का काम किया है।