'धोनी जैसा है यह खिलाड़ी पर नहीं बन सकता अच्छा कप्तान', अजय जडेजा ने की विकेटकीपर बल्लेबाज की आलोचना
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का 48वां मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और पंजाब किंग्स की टीम के बीच खेला गया जिसमें 6 रन से मिली हार के बाद केएल राहुल की कप्तानी वाली टीम के प्लेऑफ में पहुंचने के चांसेस काफी कम हो गये हैं। इस हार का मतलब है कि पंजाब किंग्स की टीम अंकतालिका में सिर्फ 12 अंक तक ही पहुंच पायेगी, जहां से उसका प्लेऑफ में पहुंच पाना मुश्किल नजर आ रहा है। पंजाब किंग्स की टीम के लिये यह अभियान काफी मिला जुला रहा है जहां पर उन्होंने ज्यादातर समय अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन उसके बावजूद मैच का नतीजा अपने पक्ष में कर पाने में नाकाम रहे हैं।
पंजाब किंग्स की टीम को कई मैचों में करीबी से हार का सामना करना पड़ा है जिसके चलते वह ऐसी स्थिति में पहुंच गई है जहां पर उसे अपना आखिरी मैच जीतने के बाद दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि कप्तान केएल राहुल ने इस दौरान लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे शामिल हैं, हालांकि उनकी लगातार हार के बाद कप्तानी की स्किल्स को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
और पढ़ें: 'सालों से निराश कर रहे हैं खिलाड़ी', RCB से हार के बाद बल्लेबाजों पर फूटा केएल राहुल का गुस्सा

राहुल के पास नहीं है कप्तानी की काबिलियत
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी अजय जडेजा का मानना है कि पंजाब किंग्स की टीम के सलामी बल्लेबाज और कप्तान केएल राहुल में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की काफी समानता नजर आती हैं, हालांकि वो कप्तानी के मामले में राहुल के पास वो काबिलियत नहीं है।
क्रिकबज से बात करते हुए अजय जडेजा ने कहा,'अगर आप केएल राहुल की तरफ देखें तो वो पिछले 2 सालों से इस टीम की कमान संभाल रहे हैं। मुझे कभी नहीं लगा कि वो एक लीडर हैं। जब भी आप इस टीम के अच्छे और बुरे फेज की तरफ देखते हैं, तो हम कभी भी उनकी तरफ नहीं देखते हैं। आरसीबी के खिलाफ पंजाब की टीम ने जो आज बदलाव किये थे उन्हें देखकर क्या लगता है कि आपको क्या धोनी कभी ऐसे उनके लिये सहमत होते।'

लंबे समय तक कप्तान बने रह सकते हैं राहुल
अजय जडेजा ने आगे बात करते हुए बताया कि क्यों केएल राहुल को भारतीय टीम का कप्तान नहीं होना चाहिये और उन्हें इसके लिये उनमें क्या कमी है।
उन्होंने कहा,'कोई भारतीय टीम का कप्तान सिर्फ इस वजह से बन पाता है क्योंकि उसकी फिलोसफी ऐसी होती है जो उन्हें एक नैचुरल लीडर बनाती है। मुझे केएल राहुल में वो अभी तक नजर नहीं आया है। वह काफी प्यार से बात करते हैं और हर परिस्थिति के लिये खुद को तैयार कर लेते हैं। अगर वो किसी दिन कप्तान बनते हैं तो इसमें कोई शक नहीं कि वो लंबे समय तक टीम के कप्तान बने रहेंगे क्योंकि वो खुद को किसी भी परिस्थिति में एडजस्ट कर सकते हैं।'

धोनी की तरह शांत लेकिन कप्तान नहीं
हालांकि भारतीय क्रिकेट टीम के इस पूर्व बल्लेबाज का मानना है कि केएल राहुल में काफी खूबियां भी और अगर वो सीखते रहेंगे और जिम्मेदारी लेते रहेंगे तो वह एक बेहतर कप्तान बन सकते हैं।
उन्होंने कहा,'मैं उन्हें निजी तौर पर नहीं जानता लेकिन आप उनका एक दूसरा रूप भी देख सकते हैं क्योंकि जब वो मैदान पर होते हैं तो वो धोनी की तरह ही शांत नजर आते हैं। उनके अंदर कई सारी अच्छाइयां भी हैं लेकिन आपको एक लीडर होना चाहिये। लोगों को आपके निर्णय पर चर्चा करते रहना चाहिये। उनके निर्णय पर सवाल उठने चाहिये कि वो ऐसा क्यों कर रहे हैं, और उन्होंने यह कैसे किया। यह चीज उनके साथ कभी नहीं हुई खास तौर से आईपीएल टीम के दौरान।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
