न्यूजीलैंड के बाद अब इंग्लैंड ने दिया पाकिस्तान को बड़ा झटका, सीरीज के लिये दौरा करने से किया इंकार
नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के लिये यह हफ्ता बेहद खराब बीत रहा है और अपने देश में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट की वापस लाने की कोशिशें लगातार खराब होती जा रही हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पिछले 2 साल में जिम्बाब्वे, बांग्लादेश, श्रीलंका, साउथ अफ्रीका की टीमों की सफल मेजबानी की थी जिसके बाद उसे 16 सितंबर से न्यूजीलैंड की टीम की मेजबानी करनी थी और अगले महीने विश्वकप से पहले इंग्लैंड की महिला और पुरुष टीमों की द्विपक्षीय सीरीज का आयोजन करना था। कीवी टीम 18 साल बाद पाकिस्तान के खिलाफ उसकी सरजमीं पर खेलने पहुंची थी लेकिन उसकी उम्मीदों को मैच से पहले उस वक्त झटका लगा जब न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा खतरा का हवाला देते हुए अपनी टीम को वापस बुलाने का फैसला किया और सीरीज खेलने से इंकार कर दिया।
पीसीबी के लिये अपने देश में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट फिर से शुरू कराने की कोशिशों को लेकर यह काफी बड़ा झटका रहा, जिसको लेकर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कई दिग्गज खिलाड़ियों ने अपनी नाराजगी जताई थी। इसके बाद ईसीबी ने भी अगले महीने होने वाले दौरे पर रिव्यू करने का फैसला किया और लंबी मशक्कत के बाद सोमवार को पाकिस्तान दौरे पर न जाने का फैसला किया।
और पढ़ें: तालिबान ने अफगानिस्तान में आईपीएल के प्रसारण पर लगाई रोक, जानें क्या है कारण

खिलाड़ियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता
ईसीबी ने पाकिस्तान दौरे पर न जाने का फैसला करते हुए एक प्रेस रिलीज जारी की है जिसमें उसने विश्वकप की तैयारियों और खिलाड़ियों की मेंटल हेल्थ का हवाला देते हुए इसे स्थगित करने का फैसला किया और कहा कि उनकी टीम 2022 में इस दौरे को फिर से आयोजित करने के बारे में सोच सकती है।
अपनी आधिकारिक प्रेस रिलीज में ईसीबी ने कहा कि पुरुषों के फ्यूचर टूर प्रोग्राम 2022 के तहत इंग्लैंड क्रिकेट टीम पाकिस्तान का दौरा करने को लेकर लंबे समय से वचनबद्ध है। हम इस साल टी20 विश्वकप से पहले अक्टूबर में पाकिस्तान का दौरा करने को राजी हुए थे जहां पर हमारी पुरुष टीम को दो वार्म अप मैच खेलने थे जबकि हमारी महिला टीम को यहां का दौरा करना था।

अतिरिक्त दबाव बनायेगा पाकिस्तान दौरा
ईसीबी बोर्ड ने इस हफ्ते के अंत में पाकिस्तान दौरे को लेकर पुनर्विचार किया और हम यह स्पष्ट कर सकते हैं कि बोर्ड ने फिलहाल महिला और पुरुष दोनों टीमों को दौरे पर न भेजने का फैसला किया है। ईसीबी के लिये उसके खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के फिजिकल और मेंटल हेल्थ को फिट रखना हमारी प्राथमिकता है और मौजूदा समय के मुश्किल हालात को देखते हुए यह प्राथमिकता बढ़ जाती है।
ईसीबी ने आगे कहा कि हम जानते हैं कि मौजूदा समय में पाकिस्तान की यात्रा करने को लेकर कुछ चिंताये सामने आयी हैं और लंबे समय से बायोबबल का दबाव झेल रहे खिलाड़ियों के लिये इन परिस्थितियों में यात्रा करना अतिरिक्त दबाव बनायेगा।

पाकिस्तान में खेलने से इंग्लैंड को नहीं होगा फायदा
इसके साथ ही हमें लगता है कि टी20 विश्वकप के लिहाज से हमारी पुरुष टीम का पाकिस्तान में खेलना किसी भी तरह से फायदेमंद साबित नहीं होगा, जहां पर अच्छा प्रदर्शन करना हमारी सबसे पहली प्राथमिकता है।
ईसीबी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से माफी मांगते हुए कहा कि हम समझते हैं कि हमारा यह फैसला पीसीबी की अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अपने देश में फिर से शुरू कराने की कोशिशों के लिये बड़ा झटका है। पीसीबी ने पिछले 2 समर्स के दौरान ईसीबी का काफी समर्थन किया है और क्रिकेट को शुरू करने में अहम भूमिका निभाई है और फिलहाल अपने देश में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट शुरू कराने के लिये बिना थके मेहनत कर रहा है। हम अपने फैसले से पड़ने वाले प्रभाव के लिये माफी मांगते हैं और 2022 के टूरिंग प्लान में शामिल अहम टूर्नामेंट पर फोकस करना चाहते हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
