IND vs ENG: क्या लॉर्डस टेस्ट में भी बारिश पड़ेगी भारी, कैसा रहेगा पिच का हाल, देखें रिपोर्ट
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच नॉटिंघम के मैदान पर खेला गया, जिसमें लगातार बारिश के खलल के चलते मैच का नतीजा नहीं निकल सका और मैच ड्रॉ हो गया। अब दोनों टीमों को लॉर्डस के ऐतिहासिक मैदान पर गुरुवार से दूसरा टेस्ट मैच खेलने के लिये उतरना है। क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले इस मैदान पर दोनों टीमों की कोशिश होगी कि वह मैच में जीत हासिल कर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर सके। ऐसे में फैन्स के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि क्या यह मैच पूरा हो पायेगा या फिर मौसम की मार एक बार फिर से इस टेस्ट मैच में भी देखने को मिलेगी।
और पढ़ें: अब नहीं होगी चयनकर्ता, टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ियों के बीच नोंक झोंक, BCCI ने तैयार किया खास प्लान
उल्लेखनीय है कि दोनों टीमें इस समय लॉर्डस पहुंचकर अगले मैच की तैयारियों में लगी हुई हैं और मैदान पर जमकर प्रैक्टिस कर रही हैं। वहीं पर दोनों टीमों की प्लेइंग 11 को लेकर भी सवाल बना हुआ है क्योंकि जहां विराट सेना के लिये शार्दुल ठाकुर हैमस्ट्रिंग इंजरी का सामना कर रहे हैं तो वहीं पर जो रूट की टीम में जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड चोटिल हो चुके हैं और दोनों का ही लॉर्डस टेस्ट में खेल पाना मुश्किल नजर आ रहा है। ऐसे में आइये एक नजर दूसरे टेस्ट मैच की पिच रिपोर्ट, मौसम और संभावित प्लेइंग पर डालते हैं।

लॉर्डस में कैसा रहेगा पिच का हाल
नॉटिंघम के मैदान पर दोनों टीमों के तेज गेंदबाजों को मदद मिली थी जिसके बाद लॉर्डस क्रिकेट ग्राउंड पर स्पिन या पेस में से किसका पलड़ा भारी रहने वाला है, इसको लेकर सवाल बना हुआ है। इतिहास की बात करें तो लॉर्डस की पिच पर पहले 3 दिन तेज गेंदबाजों की स्विंग और पेस का बोलबाला देखने को मिलता है और जैसे-जैसे दिन बीतते हैं बल्लेबाजों के लिये रन बनाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दोनों टीमें पेस और स्पिन के कॉम्बिनेशन के साथ उतरती नजर आयेंगी और जो भी टीम टॉस जीतेगी वो पहले बल्लेबाजी करना चाहेगी। पिच को देखते हुए इस मैच में भारतीय टीम के लिये इस मैच में रविचंद्रन अश्विन की वापसी हो सकती है।

क्या लॉर्डस में भी बारिश डालेगी खलल
नॉटिंघम के मैदान पर खेले गये पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही थी लेकिन आखिरी दिन मैदान पर हुई बारिश ने खेल बिगाड़ दिया। वहीं पर लॉर्डस के मैदान पर खेले जाने वाले दूसरे मैच के मौसम की बात करें तो इस पर भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है। यहां पांचों दिन मौसम सुहावना रहने की उम्मीद लेकिन बीच-बीच में बारिश की वजह से मैच रुकता नजर आ सकता है। मैच के दूसरे और चौथे दिन बारिश होने की ज्यादा संभावना है। मैच के सभी दिनों में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस जाने की संभावना है।

ऐसी हो सकती है संभावित प्लेइंग 11
लॉर्डस के मैदान पर खेला जाने वाला दूसरा टेस्ट मैच 12 अगस्त से शाम 3:30 बजे से खेला जायेगा। ऐसे में दोनों टीमें ज्यादातर खिलाड़ियों को अपनी टीम में बरकरार रखेंगी। हालांकि भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल चोट से रिकवर होकर नेटस पर प्रैक्टिस करते नजर आये हैं लेकिन केएल राहुल की शानदार बल्लेबाजी के बाद उन्हें मौका मिल पाना मुश्किल लग रहा है। वहीं पर शार्दुल ठाकुर की हैमस्ट्रिंग के चलते रविचंद्रन अश्विन की वापसी हो सकती है तो मोहम्मद सिराज की जगह ईशांत शर्मा को प्लेइंग 11 में मौका दिया जा सकता है। इंग्लैंड के लिये स्टुअर्ट ब्रॉड और जेम्स एंडरसन के चोटिल होने के बाद दोनों खिलाड़ियों का रिप्लेसमेंट ढूंढना सबसे बड़ी चुनौती साबित होने वाला है। टीम ने शाकिब महमूद को टीम से जोड़ा गया है तो उनके खेलने के ज्यादा चांसेज हैं, वहीं पर डॉम बेस को रिलीज कर दिया गया है और वो अपनी घरेलू टीम यॉर्कशायर के साथ जुड़ते नजर आयेंगे।
भारत की संभावित प्लेइंग 11: रोहित शर्मा, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, ईशांत शर्मा/ मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी।
इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग इलेवन- रोरी बर्न्स, डोमिनिक सिबली, जैक क्रॉली, जो रूट (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो, डैनियल लॉरेंस, जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम कुरेन, ओली रॉबिन्सन, शाकिब महमूद, मार्क वुड।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications