IND vs ENG: नॉटिंघम टेस्ट में दिखा फैन्स का शर्मनाक रूप, भारतीय खिलाड़ियों पर की नस्लीय टिप्पणी
नई दिल्ली। भारतीय टीम इस समय 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिये इंग्लैंड दौरे पर है जहां पर सीरीज का पहला मैच नॉटिंघम के मैदान पर खेला गया। दोनों टीमों की ओर से शानदार प्रदर्शन करने के बाद भारतीय टीम को आखिरी दिन जीत के लिये 9 विकेट रहते हुए 152 रनों की दरकार थी, हालांकि बारिश के खलल के चलते आखिरी दिन एक ओवर का भी मैच नहीं हो सका और अंत में मैच को ड्रॉ करार दिया गया। विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के दूसरे संस्करण के तहत खेली जा रही इस पहली टेस्ट सीरीज का पहला मैच ड्रॉ होने के बाद दोनों टीमों को 6-6 अंक बांट दिये गये।
हालांकि इस मैच के दौरान एक ऐसा घटना सामने आई है जिसने क्रिकेट जगत को एक बार फिर से शर्मसार किया है। खेल जगत के सभी फैन्स को 2020-21 सीजन में भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलिया दौरा जरूर याद होगा, जिसमें भारत की ऐतिहासिक जीत के अलावा मोहम्मद सिराज जैसे युवा खिलाड़ियों को नस्लीय टिप्पणियों का सामना करना पड़ा था।
और पढे़ं: IPL 2021 के दूसरे हाफ में कठिन होंगे बायोबबल के नियम, खिलाड़ियों के परिवार पर भो हो सकती है कार्रवाई

मोहम्मद शमी -विराट कोहली पर की नस्लीय टिप्पणी
मामले के सामने आने के बाद स्टेडियम में मौजूद दर्शक जिन्होंने नस्लीय टिप्पणी की थी उन्हें मैदान से बाहर कर दिया था। हालांकि इंग्लैंड दौरे पर खेलने पहुंची भारतीय टीम के लिये एक बार फिर से ऐसी घटना के होने का मामला सामने आया है। इंग्लैंड के खेल प्रेमियों को दुनिया के सबसे अच्छे दर्शकों में से एक माना जाता है जो कि विपक्षी टीम के अच्छे प्रदर्शन की भी तारीफ करते हुए अक्सर चीयर करते नजर आते हैं, और ऐसे में इंग्लैंड के दर्शकों का नाम नस्लीय टिप्पणियां करने के लिये कभी भी सामने नहीं आता है।
हालांकि नॉटिंघम के मैदान पर खेले गये पहले टेस्ट मैच में भारतीय मूल की ब्रिटिश महिला ने नस्लीय घटना की रिपोर्ट की है। इस खेल प्रेमी ने अपने रेडिट अकाउंट पर घटना के अनुभव का वर्णन करते हुए बताया कि स्टेडियम में मौजूद दर्शक लगातार भारतीय क्रिकेटर्स के खिलाफ आपत्तिजनक और नस्लीय टिप्पणी कर रहे थे। फैन ने बताया कि इंग्लिश दर्शक भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को 'Sh**ty शमी' और कप्तान विराट कोहली के डीआरएस गंवाने को लेकर उन्हें 'वैंकर कोहली' के नारे लगाती रही।

भारतीय फैन के विरोध करने पर कही भारत जाने की बात
इसके अलावा अंग्रेजी दर्शकों ने भारतीय टीम के खिलाड़ियों को आलसी और बेइमान भी बताया। फैन ने आगे बताया कि जब इस सारी घटना के दौरान एक महिला दर्शक ने इंग्लिश फैन को ऐसा करने से रोका तो उससे उसकी राष्ट्रीयता बताने के लिये कहा औऱ जब उन्होंने आगे बढ़कर मामले में दखल दिया और कुछ बेसिक सम्मान दिखाने की बात कही तो स्थानीय दर्शकों ने उन्हें वापस भारत जाने के लिये कहा।

भारतीय टीम को बताया कोरोना का डेल्टा वैरिएंट
भारतीय मूल कि ब्रिटिश महिला ने इस पूरी घटना को स्टेडियम में मौजूद अधिकारियों को बताया और उन्होंने तुरंत एक्शन लेते हुए उस दर्शक को स्टेडियम से बाहर कर दिया जिसने उस महिला को भारत वापस जाने की बात कही थी। इसके बाद महिला दर्शक और उसके परिवार को स्टैंड के उस हिस्से में भेज दिया गया जहां पर भारतीय फैन्स मौजूद थी। हालांकि इसके बावजूद इंग्लिश फैन्स का एक छोटा समूह भारतीय टीम को डेल्टा कहकर बुलाता रहा। गौरतलब है कि डेल्टा नाम कोरोना वायरस के संक्रमण से संबंधित है जिसे पहले भारतीय वैरिएंट कहा जा रहा था।
आपको बता दें कि इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड की ओर से लगातार रेसिज्म के प्रति जागरुकता अभियान चलाये जाने के बीच यह घटना काफी हैरान कर देने वाली है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications