IPL 2022: इरफान पठान ने RCB में ग्लेन मैक्सवेल के रोल पर दिया बड़ा बयान, बताया क्यों नहीं बनाना चाहिये कप्तान
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन की मेगा नीलामी से पहले बीसीसीआई ने सभी फ्रैंंचाइजियों को रिटेन और रिलीज किये जाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट जारी करने की जो समयसीमा (30 नवंबर) वो खत्म होने वाली है, ऐसे में सभी टीमों के लिये खिलाड़ियों का चयन करना बड़ा सिरदर्द बना हुआ है। बीसीसीआई के नियम के अनुसार हर फ्रैंचाइजी अधिकतम 4 खिलाड़ी रिटेन कर सकती हैं जिसमें ज्यादा से ज्यादा 2 विदेशी प्लेयर शामिल होंगे। इस बीच जहां हर टीम खिलाड़ियों को रिटेन करने की लिस्ट पर अपना सिर खपा रही है तो वहीं पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम के सामने दोहरी चुनौती है। आरसीबी की टीम के लिये विराट कोहली ने इस सीजन के साथ ही कप्तानी न करने का फैसला किया है जिसके बाद बैंगलोर की टीम को नये कप्तान की दरकार है, वहीं एबी डिविलियर्स ने भी क्रिकेट के हर प्रारूप से संन्यास का ऐलान कर दिया है।
और पढ़ें: IPL 2022 के लिये केएल राहुल-राशिद खान क्यों नहीं हो रहे रिटेन, सामने आयी चौंकाने वाली वजह
ऐसे में आरसीबी की टीम जिन खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती है उसमें ग्लेन मैक्सवेल, विराट कोहली, देवदत्त पाड्डिकल और युजवेंद्र चहल का नाम लिया जा रहा है। इस बीच यह भी खबर आ रही है कि आरसीबी की टीम अगले सीजन के लिये अपने टीम की कमान ग्लेन मैक्सवेल को ही सौंपने पर विचार कर रही है, हालांकि भारतीय टीम के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी और कॉमेंटेटर इरफान पठान का मानना है कि आरसीबी को ऐसा करने से बचना चाहिये।
और पढ़ें: 'कपिल देव जितना ही महान है यह खिलाड़ी', कानपुर टेस्ट के बाद इस दिग्गज के मुरीद हुए दिनेश कार्तिक

आरसीबी से जुड़ने पर सुधर गया मैक्सवेल का प्रदर्शन
इरफान पठान का मानना है कि पिछले कई सीजन से खराब प्रदर्शन कर रहे ग्लेन मैक्सवेल ने आरसीबी का दामन थामने के बाद शानदार प्रदर्शन किया है और अब टीम उनसे हर मुश्किल परिस्थिति में अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद रखेगी। ऐसे में अगर वो उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी देने के लिये जाती है तो शायद उन पर अतिरिक्त दबाव आ जायेगा और उनके प्रदर्शन में गिरावट देखने को मिल सकती है।
उल्लेखनीय है कि ग्लेन मैक्सवेल को आरसीबी की टीम ने आईपीएल 2021 की नीलामी में 14.5 करोड़ की कीमत देकर अपने साथ जोड़ा और उन्होंने मध्यक्रम में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम के लिये कई यादगार जीत हासिल की। वह आरसीबी के लिये सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने और 15 मैचों में 42.57 की औसत से 513 रन बनाये।

कप्तानी से बनेगा अतिरिक्त दबाव
अगर ग्लेन मैक्सवेल को कप्तानी के लिये कहा जाता है तो यह पहली बार नहीं होगा जब वो इस जिम्मेदारी को निभाते नजर आयेंगे। मैक्सवेल ने आईपीएल 2017 में भी पंजाब किंग्स की कमान संभाली थी तो वहीं पर बिग बैश लीग 2020-21 में मेलबर्न स्टार्स के लिये भी कप्तानी कर चुके हैं। मैक्सवेल को खेल के सबसे छोटे प्रारूप के महान खिलाड़ियों में से एक माना जाता है हालांकि वो ऑस्ट्रेलिया के लिये कप्तानी की भूमिका में अब तक नजर नहीं आये हैं।
स्टार स्पोर्टस से बात करते हुए पठान ने कहा,'मुझे लगता है कि आरसीबी को नीलामी में से किसी खिलाड़ी को कप्तान बनाना चाहिये, क्योंकि मेरे दिमाग में रिटेन किये जाने वाले जिन 4 खिलाड़ियों का नाम आ रहा है उन्हें कप्तानी नहीं मिलने वाली है। विराट को आरसीबी रिटेन करेगी लेकिन उन्होंने ही कप्तानी छोड़ी है, वहीं पर ग्लेन मैक्सवेल भी रिटेन किये जायेंगे लेकिन आप उन पर कप्तानी का दबाव नहीं डालना चाहेंगे क्योंकि वो खुलकर खेलने वाले खिलाड़ी हैं, आप नहीं चाहेंगे कि वो इस तरह की जिम्मेदारी संभाले जो उनके खुलकर खेलने पर रोक लगाये।'

30 नवंबर को हो जायेगा रिटेन लिस्ट का फैसला
गौरतलब है कि सभी टीमों के लिये रिटेन किये जाने वाले खिलाड़ियों का नाम जमा करने की आखिरी तारीख 30 नवंबर है, जिस पर आईपीएल 2022 से जुड़ रही दो नई टीमों लखनऊ और अहमदाबाद की भी नजरें है। उल्लेखनीय है कि बीसीसीआई ने नीलामी से पहले नई टीमों को नॉन रिटेन खिलाड़ियों में से 3-3 खिलाड़ी (अधिकतम एक विदेशी) चुनने का विकल्प दिया हुआ है।
आपको बता दें कि आरसीबी की टीम अगले सीजन के लिये एक ऐसे कप्तान की तलाश कर रही है जो कि न सिर्फ कोहली की कमी को पूरा कर सके बल्कि टीम में इतने दिग्गज नाम होने के बावजूद किसी भी प्रकार का विवाद पैदा न होने दे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
