IND vs PAK: 2022 में कम से कम 3 बार पाकिस्तान से भिड़ेगा भारत, जानें कब और कहां होगी भिड़ंत
नई दिल्ली। यूएई में खेले गये टी20 विश्वकप में भारतीय टीम के असफल कैंपेन का सबसे बड़ा जिम्मेदार उसका ओपनिंग मैच रहा था, जिसमें भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ इस जीत के साथ कई सारे रिकॉर्ड अपने नाम किये और 29 सालों से विश्वकप में भारत के खिलाफ अपनी पहली जीत के इंतजार को खत्म किया। भारतीय टीम की इस एकतरफा हार के बाद कई तर्क दिये गये जिसमें दोनों टीमों के बीच द्विपक्षीय सीरीज न खेले जाने को भी बड़ा कारण बताया गया। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम 5 साल बाद कोई टी20 मैच खेलने उतरी थी, जिसमें उसे एकतरफा हार का सामना करना पड़ा।
और पढ़ें: Ind vs NZ: इन 5 बदलावों के साथ शुरू होगा भारतीय क्रिकेट का नया अध्याय
भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले मैच को दुनिया की सबसे मशहूर राइवलरिज में गिना जाता है और अक्सर फैन्स इस मैच का इतंजार करते हैं। इतना ही नहीं टी20 विश्वकप 2021 में खेला गये इस मैच ने क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा देखे गये मैच का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। दोनों देशों के बीच राजनीतिक संबंध अच्छे न होने के चलते फैन्स को यह प्रतिद्वंदिता सिर्फ आईसीसी या मल्टीनेशन टूर्नामेंट में ही देखने को मिलती है, पर आपको यह जानकर काफी खुशी होगी कि साल 2022 में भारत को एक बार नहीं बल्कि 3 बार पाकिस्तान के खिलाफ टी20 प्रारूप में सामना करना है।
और पढ़ें: IPL 2022 में 10 टीमों के शामिल होने से कैसे बदल जायेगा पूरा टूर्नामेंट

टी20 विश्वकप 2022 में फिर दिखेगा एक्शन रिप्ले
आईसीसी टूर्नामेंट में आय का एक बड़ा सोर्स भारत-पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले मुकाबले होते हैं, ऐसे में आईसीसी की कोशिश होती है कि उसके टूर्नामेंट का प्रारूप अगर ग्रुप स्टेज वाला है तो भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा जाये ताकि खराब प्रदर्शन करने के बावजूद फैन्स को दोनों के बीच कम से कम एक मैच देखने को जरूर मिले। वहीं अगर यह प्रतियोगिता राउंड रॉबिन फॉर्मेट में होती है तो वहां पर लीग स्टेज में भारत-पाकिस्तान का मुकाबला होना निश्चित ही है। ऐसे में जब अक्टूबर-नवंबर 2022 के दौरान ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्वकप खेला जायेगा तो आईसीसी एक बार फिर से भारत-पाकिस्तान को एक ग्रुप में रखेगी ताकि फैन्स को इस महामुकाबले का रोमांच दिया जा सके।

एशिया कप 2022 में भी होगी भिड़ंत
टी20 विश्वकप से ठीक पहले एशिया कप का आयोजन किया जाना है। साल 2018 के बाद से फैन्स को एशियाई देशों के बीच होने वाली इस प्रतियोगिता का लुत्फ उठाने का मौका नहीं मिल सका है। 2020 में खेली जाने वाली यह प्रतियोगिता कोरोना वायरस के चलते अब तक दो बार स्थगित हो चुकी है लेकिन अब 2022 में इसका खेला जाना तय हो गया है। एशियन क्रिकेट काउंसिल ने 2016 में तय किया था कि एशिया कप का आयोजन निकटम आईसीसी टूर्नामेंट के प्रारूप पर निर्भर करेगा, जिसका मतलब है कि अगर एशिया कप के बाद वनडे या टी20 प्रारूप का विश्वकप है तो उसी प्रारूप में यह प्रतियोगिता खेली जायेगी।
श्रीलंका की मेजबानी में 2022 का एशिया कप सितंबर में आयोजित किया जाना है और यह टूर्नामेंट राउंड रॉबिन फॉर्मेट में ही खेला जाता है, जिसका मतलब है कि फैन्स को एक बार फिर से भारत-पाकिस्तान के बीच टी20 प्रारूप में भिड़ंत देखने को मिलेगी।

31 जुलाई 2022 को होगा पहला मुकाबला
भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले महामुकाबले की शुरुआत कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 से होगी, जिसका आयोजन बर्मिंघम मे होना है। हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स में क्रिकेट को शामिल किये जाने पर मंजूरी दे दी गई है, जिसके बाद इसके क्रिकेट टूर्नामेंट का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। कॉमनवेल्थ में खेला जाने वाल यह टूर्नामेंट टी20 प्रारूप में ही खेला जायेगा। हालांकि यह भिड़ंत पुरुष टीमों के बजाय महिला क्रिकेट टीमों के बीच होगी। इस शेड्यूल के अनुसार भारतीय महिला टीम को पाकिस्तान के खिलाफ 31 जुलाई 2022 को भिड़ना है। ऐसे में भारतीय टीम की कोशिश होगी कि वो मेडेल के साथ पाकिस्तान से हार का बदला ले।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
