AUS vs PAK: क्या दूसरे सेमीफाइनल में खेल पायेंगे शोएब मलिक- मोहम्मद रिजवान, फिटनेस को लेकर बड़ी अपडेट
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप का दूसरा सेमीफाइनल मैच ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान की टीम के बीच दुबई के मैदान पर गुरुवार (11 नवंबर) को खेला जाना है, जिसमें जीत हासिल करने वाली टीम का सामना फाइनल में न्यूजीलैंड के साथ होगा। न्यूजीलैंड की टीम ने बुधवार को खेले गये पहले सेमीफाइनल मैच में रोमांचक तरीके से वापसी करते हुए इंग्लिश टीम को 5 विकेट से मात दी। ऐसे में फैन्स को इस खिताबी प्रतियोगिता के दूसरे फाइनलिस्ट का बेसब्री से इंतजार है। इस बीच पाकिस्तानी फैन्स को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब टीम के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और सबसे अनुभवी ऑलराउंडर शोएब मलिक के माइल्ड फ्लू से संक्रमित होने की खबर सामने आयी।
मैच से एक दिन पहले यह दोनों खिलाड़ी फ्लू से संक्रमित होने के चलते अभ्यास सत्र का हिस्सा नहीं बन सके और कोरोना वायरस के डर से टीम से अलग कर दिये गये। ऐसे में दोनों खिलाड़ियों का दूसरे सेमीफाइनल मैच में पाकिस्तान के लिये खेल पाना संभव नहीं नजर आ रहा है। हालांकि पाकिस्तानी ताजा फिटनेस रिपोर्ट के अनुसार फैन्स को राहत की सांस मिल सकती है जिसके अनुसार टीम डॉक्टर ने दोनों खिलाड़ियों को फिट करार दिया है।
और पढ़ें: T20 WC का दूसरा फाइनलिस्ट बनेगा पाकिस्तान, ब्रायन लारा ने बताया क्यों तय है बाबर आजम की जीत

फिटनेस टेस्ट में पास हुए रिजवान-मलिक
रिपोर्ट के अनुसार मोहम्मद रिजवान और शोएब मलिक ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे सेमीफाइनल मैच में चयन के लिये उपलब्ध रहेंगे। उल्लेखनीय है कि दोनों खिलाड़ी कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट में भी नेगेटिव पाये गये हैं जिसके बाद टीम डॉक्टर नजीब सूमरो ने खिलाड़ियों को फिट करार देते हुए आराम करने की सलाह दी है, हालांकि पाकिस्तान मैनेजमेंट ने दोनों को मैच के लिये उपलब्ध करार दिया है।

कोरोना रिपोर्ट भी आयी नेगेटिव
इस बीच आईसीसी किसी भी तरह की दुर्घटना से बचने के लिये खिलाड़ियों को नियमित तौर पर कोविड टेस्ट करा रही है जिसके तहत पूरी पाकिस्तान टीम का भी टेस्ट कराया गया। ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार रिजवान और मलिक दोनों खिलाड़ी इस टेस्ट में नेगेटिव पाये गये हैं, साथ ही उनकी पूरी टीम ने कोविड 19 टेस्ट क्लियर किया है।'

कमजोर हो सकती थी पाकिस्तानी बल्लेबाजी
गौरतलब है कि दोनों खिलाड़ियों को फिट करार दिये जाने के बाद पाकिस्तानी टीम और मैनेजमेंट राहत की सांस ले सकता है क्योंकि टी20 विश्वकप में इन दोनों ही खिलाड़ियों ने अब तक काफी शानदार प्रदर्शन किया है। जहां मोहम्मद रिजवान टूर्नामेंट में 214 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की फेहरिस्त में शुमार हैं तो वहीं पर मलिक ने 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ पाकिस्तान के लिये सबसे तेज टी20 अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
ऐसे में साफ है कि अगर यह 2 खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच का हिस्सा नहीं बन पाते तो पाकिस्तान की बल्लेबाजी को अच्छा खासा नुकसान उठाना पड़ता। क्रिकेट पाकिस्तान की ओर से जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार टीम डॉक्टर ने पहले दोनों खिलाड़ियों को आराम की सलाह दी थी, हालांकि मैच वाले दिन कई टेस्ट करने के बाद उन्हें पूरी तरह से फिट घोषित कर दिया गया। आपको बता दें कि जहां पाकिस्तान की टीम अपना दूसरा खिताब जीतने की ओर देख रही है तो वहीं पर ऑस्ट्रेलिया पहली बार इस प्रारूप का चैम्पियन बनने पर नजरे रखे हुआ है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
