अनफिट हार्दिक पांड्या को बैक करने से भड़के पूर्व भारतीय क्रिकेटर, टीम मैनेजमेंट से पूछे तीखे सवाल
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप 2021 में भारतीय टीम को अपना अगला मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ दुबई के मैदान पर खेलना है, जिससे पहले किये गये मीडिया इंटरेक्शन में बात करते हुए भारतीय कप्तान विराट कोहली ने साफ किया है कि हार्दिक पांड्या न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच खेलने के लिये पूरी तरह से फिट हैं और टीम मैनेजमेंट उन्हें बैक करता नजर आयेगा। कप्तान विराट कोहली के बयान से साफ हो गया है कि इस अहम मुकाबले में हार्दिक पांड्या खेलते नजर आयेंगे, हालांकि उनकी फिटनेस को लेकर पिछले काफी समय से सवालिया निशान उठाये जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि टी20 विश्वकप के लिये जब टीम का चयन किया गया तो भारतीय चयन समिति ने साफ किया था कि हार्दिक पांड्या ने खुद को गेंदबाजी करने के लिये उपलब्ध बताया है जिसके चलते ही उन्हें टीम में जगह दी गई है।
और पढ़ें: IND vs NZ: न्यूजीलैंड मैच में जीत के लिये मुरलीधरन ने विराट सेना को दिया जीत का मंत्र
भले ही चयन समिति ने हार्दिक पांड्या को गेंदबाजी के लिये फिट करार देकर टीम में शामिल किया है लेकिन यह हरफनमौला खिलाड़ी अभी तक किसी भी मैच में गेंदबाजी करता नजर नहीं आया है, इतना ही नहीं बल्लेबाजी में भी उनके वो धार नहीं नजर आयी जिसके लिये वो जाने जाते हैं। इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी और पूर्व राष्ट्रीय चनयकर्ता सरनदीप सिंह ने भारतीय टीम मैनेजमेंट और चयन समिति को उन्हें विश्वकप की टीम में शामिल करने पर जमकर लताड़ा है और कई तीखे सवाल किये हैं।
और पढ़ें: IND vs NZ: आंकड़ों में कीवी टीम पर हमेशा भारी पड़ा है यह बल्लेबाज, पर इस गेंदबाज रहना होगा सावधान

चयन समिति से क्यों नहीं पूछे जा रहे सवाल
उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम के इस हरफनमौला खिलाड़ी ने सेलेक्शन के बाद से न तो आईपीएल में, न वार्म अप मैचों में और न ही पाकिस्तान के खिलाफ खेले गये मैच में बॉलिंग की, जिसके बाद से लगातार उनके सेलेक्शन को लेकर सवाल उठाये जा रहे हैं। वहीं पाकिस्तान के खिलाफ मैच में कंधे पर चोट लगने के बाद उन्हें स्कैन के लिये दुबई के अस्पताल भी ले जाया गया, जिसके बाद पूर्व चयनकर्ता ने पांड्या की फिटनेस पर अंधेरे में रखने और कई खिलाड़ियों के ऊपर जगह देने को लेकर मैनेजमेंट और चयन समिति को लताड़ा है।
स्पोर्टसकीड़ा के साथ बात करते हुए उन्होंने कहा,'हार्दिक पांड्या की फिटनेस को लेकर पिछले काफी समय से बातें हो रही है लेकिन कोई भी चयन समिति को लेकर इसके बारे में सवाल क्यों नहीं कर रहा है। अपने कार्यकाल के दौरान हम हर तरह के सवालों के जवाब दिया करते थे। अगर कोई अनफिट होता या फिर किसी अन्य तरह की दिक्कत होती तो वो सबके सामने होती थी, किसी से छुपाया नहीं जाता था, लेकिन अब यह क्यों नहीं होता है। चेतन शर्मा ने सिर्फ एक बार ही मीडिया से बात की और उसके बाद कुछ अजीब सा बयान दिया और चले गये।'

चेतन शर्मा से पूछे जाने चाहिये सवाल
सरनदीप सिंह का मानना है कि जब चयन समिति के अध्यक्ष ने किसी खिलाड़ी को फिट बताया है तो अगर बाद में कोई दिक्कत आती है तो उसकी जिम्मेदारी भी मुख्य चयनकर्ता की होनी चाहिये, यहां पर हार्दिक के बजाय चेतन शर्मा से सवाल किये जाने चाहिये।
उन्होंने कहा,'जब चयन समिति के मुख्य अध्यक्ष ने खुद कहा है कि हार्दिक पूरी तरह से फिट हैं और विश्वकप में गेंदबाजी करते नजर आयेंगे तो ऐसे में उनकी फिटनेस को लेकर चेयरमैन से सवाल किया जाना चाहिये। उनसे पूछना चाहिये कि फिटनेस कहां है, उन्हें कुछ तो कहना ही चाहिये, वह चोटिल हैं, वह गेंदबाजी नहीं कर सकते, कुछ भी। यह हार्दिक के साथ नाइंसाफी है कि उनके जैसे क्वालिटी प्लेयर को बिना किसी गलती के चलते विवाद का सामना करना पड़ रहा है। अगर उन्हें चोट है तो ठीक है, इस स्थिति में ज्यादा कुछ नहीं किया जा सकता।'

एनसीए में क्यों नहीं किया रिहैब
भारत के लिये 5 वनडे और 3 टेस्ट मैचों में शिरकत करने वाले सरनदीप सिंह ने आगे सवाल करते हुए कहा कि हार्दिक पांड्या ने अपनी फिटनेस को लेकर नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में ट्रेनिंग नहीं की, जिसके चलते किसी को उनकी फिटनेस की स्थिति का अंदाजा नहीं है।
उन्होंने कहा,'जाहिर तौर पर हार्दिक गेंदबाजी करना चाहते हैं लेकिन उनकी इंजरी इतनी बड़ी है उनके लिये यह कर पाना आसान नहीं हो रहा है। मुझे नहीं पता कि आखिर क्यों उन्होंने एनसीए जाकर अपने रिहैब पर काम नहीं किया बल्कि मुंबई इंडियंस के स्टाफ के साथ अपनी फिटनेस पर काम किया। एनसीए में न जाने की वजह से किसी को उनकी फिटनेस का नहीं पता और इसी वजह से कोई कुछ भी नहीं कह रहा है। रोहित शर्मा प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुछ नहीं कह सके, उसके पीछे का यही कारण है कि उन्हें खुद इस बारे में कुछ नहीं पता।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
