IND vs NZ: वानखेड़े के मैदान पर बेहद शानदार है कोहली के आंकड़े, तोड़ सकते हैं पोंटिंग का बड़ा रिकॉर्ड
नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मैच शुक्रवार (3 दिसंबर) से वानखेड़े के मैदान पर खेला जाना है, जिसमें टीम के नियमित कप्तान विराट कोहली भी वापसी कर रहे हैं। कानपुर में खेले गये पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम जीत के बेहद करीब थी और सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर सकती थी लेकिन कीवी टीम के लिये रचिन रविंद्र और एजाज पटेल की जोड़ी ने आखिरी दिन के आखिरी ओवर तक अपनी टीम के लिये खेलना जारी रखा और 52 गेंदों का सामना कर मैच बचाने में सफल हो गये। ऐसे में दोनों टीमें दूसरे टेस्ट मैच में जीत के साथ सीरीज अपने नाम करने की ओर देखेंगी।
और पढ़ें: IND vs NZ: क्या दूसरे टेस्ट मैच में खेलेंगे ऋद्धिमान साहा, कप्तान कोहली ने दी फिटनेस पर अपडेट
भारतीय टीम के लिये कप्तान विराट कोहली की वापसी काफी अच्छी खबर हैं क्योंकि कानपुर टेस्ट के दौरान टीम का मध्यक्रम काफी कमजोर नजर आ रहा था लेकिन कप्तान की वापसी से उसमें मजबूती नजर आने लगी है। वानखेड़े के मैदान पर वापसी करने के साथ ही कप्तान कोहली की नजर कई चीजों पर होंगी जिसमें एक नजर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ने पर भी होगी।

2 सालों से बल्लेबाजी में संघर्ष कर रहे हैं कोहली
भारतीय कप्तान विराट कोहली के लिये पिछले 2 साल काफी मुश्किल गुजरे हैं, इस दौरान उनके बल्ले से एक भी शतक नहीं आया है। कोहली ने अपना आखिरी शतक 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गये पिंक बॉल टेस्ट मैच में लगाया था, जिसके बाद से 56 पारियां बीत चुकी हैं और वो एक भी शतक नहीं लगा सके हैं। इतना ही दिसंबर 2020 से टेस्ट मैचों में उनकी बल्लेबाजी औसत भी 30 से कम हो गई है। पिछले दो सालों में विराट कोहली जितनी बार डक पर आउट हुए हैं उतनी बार तो वो अपने पूरे करियर में डक पर आउट नहीं हुए हैं। बल्लेबाजी के उनके यह आंकड़े दर्शाते हैं कि कप्तान विराट कोहली संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में मुंबई के वानखेड़े मैदान पर वापसी करना उनके लिये आदर्श जगह बन सकती है।

वानखेड़े के मैदान पर है जबरदस्त रिकॉर्ड
वानखेड़े के मैदान पर विराट कोहली का बहुत ही शानदार रिकॉर्ड रहा है जिसे देखते हुए यहां पर उनका फॉर्म में वापसी करना एक नये अध्याय की शुरुआत कर सकता है। आखिरी बार विराट कोहली ने वानखेड़े के मैदान पर साल 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ मैच खेला था जिसमें उन्होंने 235 रनों की पारी खेली थी। विराट कोहली मुंबई के मैदान पर 4 टेस्ट मैच खेल चुके हैं और 6 पारियों में 72.16 की औसत से 433 रन बनाये हैं।

तोड़ सकते हैं रिकी पोंटिंग का बड़ा रिकॉर्ड
गौरतलब है कि विराट कोहली इस मैच में वापसी करते हुए अगर शतक लगाते हैं तो सबसे ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय शतक लगाने के मामले में रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ सकते हैं। मौजूदा समय में विराट कोहली और रिकी पोंटिंग सबसे ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय शतक लगाने के मामले 70 शतक के साथ बराबरी पर हैं और ऐसे में अगर वो वानखेड़े के मैदान पर शतक लगा लेते हैं तो वो रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ देंगे। इतना ही नहीं बतौर कप्तान यह विराट कोहली का 42वां शतक होगा और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन जायेंगे। इसके साथ ही अगर विराट कोहली शतक लगाने में कामयाब हो जाते हैं तो वो घरेलू मैदान पर सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले टेस्ट कप्तान के मामले में रिकी पोंटिंग की बराबरी कर लेंगे। फिलहाल कोहली 10 शतक के साथ दूसरे पायदान पर हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
