Tokyo 2020: पैरालंपिक्स की ओपनिंग सेरेमनी के लिये हुआ भारतीय दल का ऐलान, जानें कितने खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
नई दिल्ली। जापान की राजधानी टोक्यो में खेलों का महाकुंभ ओलंपिक्स समाप्त होने के बाद पैराएथलीट के लिये सबसे बड़े खेल पैरालंपिक्स की तैयारियां जोरों पर हैं। 24 अगस्त से शुरू होने वाले इन खेलों में भारत ने अब तक का अपना सबसे बड़ा दल भेजा है, जिसमें 54 पैरा खिलाड़ी भाग लेंगे और 5 सितंबर तक चलने वाले इस महामुकाबले में सबसे ज्यादा पदक लाने की कोशिश करेंगे। इस बीच भारत के चीफ डि मिशन गुरशरण सिंह ने रविवार को टोक्यो पैरालंपिक्स में शामिल होने वाले भारतीय दल का ऐलान कर दिया है और बताया कि मंगलवार को आयोजित की जाने वाली ओपनिंग सेरेमनी में भारतीय दल के साथ सिर्फ 6 अधिकारी ही हिस्सा लेंगे।
उल्लेखनीय है कि ओपनिंग सेरेमनी का हिस्सा बनने के लिये किसी भी प्रकार से खिलाड़ियों की संख्या पर कोई अधिकतम मार्क नहीं लगाया गया है लेकिन अभी तक टोक्यो में भारत के सिर्फ 7 ही खिलाड़ी हिस्सा लेने पहुंच सके हैं। ऐसे में पैरालंपिक की ओपनिंग सेरेमनी में भारतीय दल में 11 लोग शामिल होंगे जिसमें 6 अधिकारी और 5 एथलीट हिस्सा लेंगे।
और पढ़ें: World Athletics Championship: पहली बार भारत ने जीते एक से ज्यादा पदक, शैली ने रचा इतिहास
टोक्यो पहुंचने वाले 7 पैरा एथलीट में दो टेबल टेनिस खिलाड़ी सोनल पटेल और भाविना पटेल हैं जिन्हें बुधवार को अपने कैंपेन का आगाज करते हुए पहला मैच खेलना है जिसके चलते यह खिलाड़ी जापान के राजा नरुहितो की ओर से खेलों के उद्घाटन समारोह का हिस्सा नहीं बन पायेंगे।
भारत की पैरालंपिक कमिटी के सेकरेटरी जनरल और चीफ डि मिशन गुरुशरन सिंह ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा कि ओपनिंग सेरेमनी में भाग लेने के लिये खिलाड़ियों की संख्या पर कोई पाबंदी नहीं है लेकिन सिर्फ 6 ही अधिकारी हिस्सा ले सकते हैं। टोक्यो पहुंचे 2 टेबल टेनिस खिलाड़ियों का अगले दिन मुकाबला है जिसके चलते वह ओपनिंग सेरेमनी में भाग नहीं लेंगे।
गौरतलब है कि 8 अगस्त को समाप्त हुए टोक्यो ओलंपिक्स की ओपनिंग सेरेमनी में भी सिर्फ 6 अधिकारियों को शामिल होने की इजाजत मिली थी और अब यह नियम पैरालंपिक्स में भी लागू किया गया है। आपको बता दें कि ओपनिंग सेरमनी में जो 5 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे उनमें ध्वजवाहक मरियप्पन थंगावेल्लू, डिस्कस थ्रोअर विनोद कुमार, भाला फेंक एथलीट टेक चंद और पावरलिफ्टर जयदीप एवं शकीना खातून का नाम शुमार है।
वहीं पर ओपनिंग सेरेमनी में हिस्सा लेने वाले 6 में से 4 अधिकारियों का चयन हो गया है जिसमें चीफ डि मिशन, डिप्टी चीफ डि मिशन अर्हान बगाती, कोरोना प्रबंधन अधिकारी वीके दबास और मरियप्पन के कोच और पैरा एथलेटिक्स चेयरपर्सन सत्यनारायण का नाम शामिल है।
सोमवार को भारत से एथलीट का तीसरा बैच टोक्यो के लिये उड़ान भरेगा और जो इसका हिस्सा बने हैं उन्हें क्वारंटीन पीरियड से गुजरना होगा। टोक्यो में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए ओलंपिक की ही तरह पैरालंपिक खेलों में भी फैन्स की स्टेडियम में एंट्री पर पाबंदी लगाई गई है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications