2nd T20, AUS vs IND: सिडनी में चहल ने की बुमराह के रिकॉर्ड की बराबरी, देखें आंकड़े
नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मैच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जा रहा है। जहां पर भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दोनों टीमें आज के मैच में 3-3 बदलाव के साथ उतरी थी। भारतीय टीम ने जडेजा की जगह युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी की जगह शार्दुल ठाकुर और मनीष पांडे की जगह श्रेयस अय्यर को मौका दिया है। जहां पर मनीष पांडे और जडेजा चोट की वजह से इस मैच का हिस्सा नहीं बन सके हैं तो वहीं टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिये मोहम्मद शमी को आराम दिया गया है।
और पढ़ें: AUS vs IND: क्या ऑस्ट्रेलिया तोड़ पायेगी टी20 में कोहली का विजय रथ, नाम है बहुत खास रिकॉर्ड
वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिये डैनियल सैम्स ने डेब्यू किया तो मार्कस स्टॉयनिस और एंड्रयू टाय की वापसी हुई है। ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिये आज के मैच में एरॉन फिंच के चोटिल होने की वजह से मैथ्यू वेड ने कप्तानी की और शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 25 गेंदों में अर्धशतक जड़ने का काम किया। मैथ्यू वेड ने 32 गेंदों में 10 चौके और एक छक्के की मदद से 58 रनों की पारी खेली।
और पढ़ें: कनकशन विवाद पर भड़के गौतम गंभीर, कहा- जब नियम है तो इस्तेमाल क्यों न हो

चहल ने की बुमराह के रिकॉर्ड की बराबरी
वहीं आज के मैच में भारतीय स्पिनर्स एक बार फिर महंगे साबित हुए और 8 ओवर्स में 86 रन देकर सिर्फ 1 विकेट हासिल किया। पिछले मैच में मैन ऑफ द मैच बने युजवेंद्र चहल आज काफी महंगे साबित हुए और अपने स्पेल के दौरान 51 रन देकर एक विकेट हासिल किया। हालांकि इसके बावजूद उन्होंने भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
युजवेंद्र चहल ने 18वें ओवर में स्टीव स्मिथ का विकेट हासिल किया जो कि भारत के लिये काफी खतरनाक साबित हो रहे थे। स्मिथ ने 38 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 46 रनों की पारी खेली, लेकिन युजवेंद्र चहल की गेंद पर हार्दिक पांड्या ने उनका कैच लपका और वापस पवेलियन भेज दिया। इसके साथ ही चहल अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज के मामले में जसप्रीत बुमराह के बराबर पहुंच गये है।

तीसरे नंबर पर काबिज हैं अश्विन
जसप्रीत बुमराह ने भारत के लिये 49 मैचों में 59 विकेट लेने का कारनामा किया है तो वहीं चहल ने 44 मैचों में 59 विकेट हासिल कर के इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इस लिस्ट में रविचंद्रन अश्विन तीसरे नंबर पर हैं जिन्होंने इस प्रारूप में 52 विकेट हासिल करने का कारनामा किया है। भारतीय टीम को इस मैच में जीत के लिये 195 रनों की दरकार है।

नटराजन ने फिर फेंका शानदार स्पेल
भारतीय टीम ने बीच के ओवर्स में अच्छी गेंदबाजी करते हुए रनों पर अंकुश लगाने का काम किया था लेकिन आखिरी 5 ओवर्स में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने वापसी की और 62 रन बटोर कर अपने स्कोर को 194 रनों तक पहुंचा दिया। भारतीय टीम के लिये आज एक बार फिर टी नटराजन ने शानदार गेंदबाजी की और महज 20 रन देकर 2 विकेट हासिल किये।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications