IND vs NZ: 2 साल बाद ईडन गार्डन्स में खेला जायेगा पहला मैच, रोहित तोड़ सकते हैं कोहली का बड़ा रिकॉर्ड
नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टी20 सीरीज में रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम ने पहले 2 मैचों में जीत हासिल कर अजेय बढ़त बना ली है। ऐसे में जब रविवार को भारतीय टीम ईडन गार्डन्स के मैदान पर खेलने उतरेगी तो उसकी नजर क्लीन स्वीप करने पर होगी। भारतीय टीम ने ईडन गार्डन्स के मैदान पर 2 साल पहले अपना आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मैच खेला था। भारतीय टीम को हाल ही में खेले गये टी20 विश्वकप के पहले दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा था जिसकी वजह से वह सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच सकी, ऐसे में रोहित शर्मा की कप्तानी और राहुल द्रविड़ की कोचिंग में भारतीय टीम के नये अध्याय की शुरुआत की जा रही है।
और पढ़ें: 17 साल की लड़की के साथ गंदी बात करता था इंग्लिश क्रिकेटर, 6 साल पुरानी करतूत आयी सामने
भारतीय टीम 2020 की तरह एक बार फिर से कीवी टीम को क्लीन स्वीप करने की ओर देख रही है। 2020 में जब भारतीय टीम कीवी दौरे पर पहुंची थी तो उसने 5-0 से उसे हराया था। इतना ही नहीं यह न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की लगातार दूसरे टी20 सीरीज में जीत भी बन जायेगी। सीरीज में पहले ही जीत हासिल कर चुकी भारतीय टीम आखिरी मैच में ऋतुराज गायकवाड़ और आवेश खान को मौका देती नजर आ सकती है। ऐसे में ईडन गार्डन्स के मैदान पर कई रिकॉर्ड बनते नजर आ सकते हैं-
और पढ़ें: BAN vs PAK: फखर-रिजवान के दम पर जीता पाकिस्तान, बांग्लादेश के खिलाफ बनायी अजेय बढ़त

कोहली को पीछे छोड़ देंगे रोहित शर्मा
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 20 मैच खेले जा चुके हैं जिसमें दोनों टीमों ने अब तक 10-10 मैचों में जीत हासिल की है, ऐसे में अगर रोहित शर्मा की टीम जीत हासिल करती है तो वो कीवी टीम के मुकाबले जीत की रेस में आगे निकल जायेंगे। कप्तान रोहित शर्मा की फॉर्म इस सीरीज में शानदार रही है और उन्होंने पहले मैच में 48 रन और दूसरे मैच में 55 रनों की पारी खेली। ईडन गार्डन्स के मैदान की बात करें तो वो रोहित शर्मा को काफी पसंद आता है और इसकी गवाही उनके आंकड़े भी देते हैं। ऐसे में अगर रोहित शर्मा इस आखिरी मैच में अर्धशतकीय पारी खेलने में कामयाब होते हैं तो वह भारत के लिये सबसे ज्यादा अर्धशतकीय पारियां खेलने वाले बल्लेबाज की लिस्ट में विराट कोहली को पीछे छोड़ जायेंगे।
विराट कोहली ने अपने करियर में 29 अर्धशतकीय टी20 पारियां खेली हैं, वहीं रोहित शर्मा भी 29 अर्धशतकीय पारियां खेल चुके हैं। अगर ईडन गार्डन्स में रोहित शर्मा अर्धशतक लगा देते हैं तो उनके अर्धशतकों की संख्या 30 हो जायेगी। इतना ही नहीं अगर रोहित शर्मा इस मैच में 87 रनों की पारी खेल देते हैं तो भारत के लिये सबसे ज्यादा टी20 रन बनाने वाले बल्लेबाज की लिस्ट में कोहली को पीछे छोड़ देंगे। रोहित शर्मा इस मैच में 3 छक्के लगाते ही अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 150 छक्के पूरे कर सकते हैं।

500 चौके पूरा कर सकते हैं केएल राहुल
भारत के लिये केएल राहुल भी शानदार प्रदर्शन करते नजर आये हैं, ऐसे में अगर वो 2 चौके लगा लेते हैं तो 500 टी20 चौके पूरे कर लेंगे। वहीं श्रेयस अय्यर को अंतर्राष्ट्रीय टी20 मैच में 6 चौकों की दरकार है जिसे लगाते ही वह चौकों का अर्धशतक पूरा कर लेंगे। वहीं वेंकटेश अय्यर को टी20 में छक्कों का अर्धशतक पूरा करने के लिये 5 बड़े छक्कों की दरकार है। ऋषभ पंत को भी चौकों का अर्धशतक पूरा करने के लिये 6 बाउंड्रीज की जरूरत हो गई। वहीं अगर युजवेंद्र चहल को टीम में मौका मिलता है तो वो अपने 50वें मैच में खेलते नजर आयेंगे।

कीवी खिलाड़ियों के नाम भी होंगे यह रिकॉर्ड
ईडन गार्डन्स में खेले जाने वाले इस मैच में कीवी टीम के कप्तान टिम साउथी पर भी नजर रहेगी जिन्हें टी20 मैचों में कैचों का शतक पूरा करने के लिये महज 1 कैच की दरकार है। मार्क चैपमन को टी20 मैचों में 2 हजार रनों के आंकड़े को पार करने के लिये 72 रनों की दरकार है। एडम मिल्ने को 150 टी20 विकेट पूरा करने के लिये एक विकेट की दरकार है। जेम्स नीशम को 2500 रन पूरा करने के लिये 58 रनों की तरकार है तो वहीं पर मार्टिन गप्टिल को साल 2021 में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज की लिस्ट में अपना नाम शुमार करने के लिये महज एक रन की दरकार है। वह मिचेल मार्श (627) को पीछे छोड़ देंगे। मिचेल सैंटनर को टी20 प्रारूप में छक्कों का अर्धशतक लगाने के लिये एक शॉट की दरकार है, तो वहीं पर ग्लेन फिलिप्स 3 छक्के लगाते ही टी20 प्रारूप में 2021 में छक्कों का शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन जायेंगे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
