IPL 2020: जानें क्यों नितिश राणा ने अर्धशतक लगाने के बाद लहराई अपने ससुर के नाम की जर्सी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन का 42वां मैच आज अबुधाबी के शेख जायेद स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीमों के बीच खेला गया जहां पर केकेआर की टीम ने पहले शानदार बल्लेबाजी की और फिर उतनी ही शानदार गेंदबाजी करके दिल्ली की टीम को हर तरफ से पस्त कर दिया जिसके चलते दिल्ली की टीम को 59 रनों की बड़ी हार का सामना करना पड़ा। केकेआर के लिये आज के मैच में जीत के कई हीरो रहे लेकिन अगर कोई ऐसा बल्लेबाज रहा जिसने जीत की नींव रखी तो वो थे आज के मैच में ओपनिंग करने आये नितिश राणा, जिन्होंने न सिर्फ एक छोर से पारी को संभाला बल्कि टीम के लिये 81 रनों की पारी भी खेली।
नितिश राणा ने आज के मैच में 53 गेंदों का सामना किया और 13 चौके, एक छक्के की मदद से 81 रन बनाये। शुबमन गिल के साथ सलामी बल्लेबाजी करने आये नितिश राणा ने 42 रन पर 3 विकेट खोने के बाद सुनील नरेन के साथ चौथे विकेट के लिये 115 रनों की साझेदारी की और टीम को 194 रनों के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
और पढ़ें: IPL 2020: वरुण चक्रवर्ती के पंजे में फंसी दिल्ली, नाम किया बड़ा रिकॉर्ड
इस मैच में एक और खास चीज देखने को मिली जिसने दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित किया। नितिश राणा ने आज के मैच में जैसे ही अपना अर्धशतक पूरा किया उन्होंने एक अलग अंदाज में जश्न मनाया। नितिश का अर्धशतक पूरा होते ही मैदान पर केकेआर की टीम में उनके साथी रिंकू सिंह एक जर्सी के साथ मैदान पर आये जिसे नितिश ने हवा में लहराकर सबको दिखाया।
इस जर्सी पर नितिश के ससुर का नाम (सुरेंद्र) लिखा था, जिसको फहराने के बाद केकेआर की पूरी टीम ने तालियां बजाकर अभिवादन किया। गौरतलब है कि एक रात पहले ही उनके ससुर सुरेंद्र मारवाह का निधन हुआ है, जिनकी याद में नितिश ने यह अर्धशतक उन्हें समर्पित किया।
नितिश राणा ने जब यह किया तो इस बारे में मैच में कमेंट्री कर रहे जतिन सप्रू ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने यह सब अपने दिवंगत ससुर सुरेंद्र मारवाह की याद में किया है। नितीश ने साची मारवाह से शादी की है।
और पढ़ें: IPL 2020: सुनील नरेन ने 50 लगा की जबरदस्त वापसी, बदला गेंदबाजी एक्शन
आपको बता दें कि रनों का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम इस मैच में 9 विकेट खोकर सिर्फ 135 रन ही बना सकी और मैच को 58 रनों से हार गई। दिल्ली के लिये यह उसकी लगातार दूसरी हार है और बचे हुए मैचों में अभी उसे मुंबई और आरसीबी के खिलाफ मैच खेलना बाकी है। ऐसे में उसकी खराब बल्लेबाजी टीम का सिरदर्द बढृा सकती है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications