इतिहास रचने का फैसला कर चुके हैं केएल राहुल, जानें कैसे 2011 विश्वकप ने किया प्रेरित
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप में खेले गये पहले दो मैचों में खराब प्रदर्शन के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने रोहित शर्मा के साथ मिलकर जबरदस्त शुरुआत दी और टी20 विश्वकप का अपना पहला अर्धशतक लगाकर एक बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। केएल राहुल ने इस मैच में 48 गेंदों का सामना कर 69 रनों की पारी खेली और रोहित शर्मा के साथ पहले विकेट के लिये 140 रनों की साझेदारी कर डाली। अब भारत को एक बार फिर से नेट रन रेट को बेहतर बनाने के लिये स्कॉटलैंड का सामना करना है, जहां पर केएल राहुल ने एक बार फिर से बड़ी पारी खेलने की इच्छा जताई है।
इस बीच केएल राहुल ने अपने क्रिकेट करियर की सबसे बड़ी इच्छा का खुलासा करते हुए कहा कि वह भारतीय टीम के लिये विश्वकप जीत कर इतिहास रचना चाहते हैं। हालांकि उनकी यह इच्छा इस साल पूरी होते हुए तो मुश्किल ही नजर आ रही है क्योंकि सेमीफाइनल में पहुंचने के लिये उसे अपने बजाय दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
और पढ़ें: T20 WC के ग्रुप ऑफ डेथ में क्या है सेमीफाइनल का समीकरण, इंग्लैंड के साथ कौन बनायेगा जगह
टी20 विश्वकप में भारत को पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के हाथों मिली हार के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने के लिये किसी चमत्कार की जरूरत है। केएल राहुल का यह पहला टी20 विश्वकप है, हालांकि वह 2019 के वनडे विश्वकप में भी टीम का हिस्सा थे, जहां पर विराट सेना को कीवी टीम ने सेमीफाइनल में हराकर मैच से बाहर कर दिया था। उस सेमीफाइनल मैच पर बात करते हुए कई बार केएल राहुल कह चुके हैं कि उन्हें उस मैच में जीत न दिला पाने का काफी दुख है। हाल ही में दिये एक इंटरव्यू में उन्होंने भारत के लिये विश्वकप जीतने की इच्छा जताई है।
केएल राहुल ने कहा कि वह 2011 में भारत को विश्वकप जीतते हुए देखकर बड़ा हुए हैं और उस जीत को देखने के बाद ही उन्होंने यह निश्चित किया कि वह भारत के लिये कई और खिताब जीतना चाहते हैं। उल्लेखनीय है कि केएल राहुल 2010 के अंडर 19 विश्वकप की भारतीय टीम का हिस्सा थे जहां पर वो खिताब नहीं जीत पाये थे।
और पढ़ें: विराट कोहली से जलते हैं रविचंद्रन अश्विन, खुद किया कारण को खुलासा
इंस्टाग्राम पर आईसीसी की ओर से शेयर की गई रील में राहुल ने कहा,'जब मैं बड़ा हो रहा था तो मैंने 2011 विश्व कप घर से देखा था, जब हमने वो खिताब जीता था तब से चीजें हमारे लिये बदल गई। मैंने उस दिन खुद से यही कहा कि मैं यही करना चह रहा हूं, मैं देश के लिये विश्वकप जीतना चाहता हूं, देश के लिये एक, दो या 3 खिताब की जीत हासिल करूं और इतिहास का हिस्सा बन सकूं।'
आपको बता दें कि केएल राहुल का सपना यूएई में खेले जा रहे विश्वकप में सच होता नजर नहीं आ रहा है लेकिन अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्वकप और भारत में खेले जाने वाले 2023 विश्वकप में जीत पर उनकी नजरें जरूर रहेंगी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
