'वो अपने कपड़े फाड़ कर बवाल नहीं करेंगे', पुजारा-रहाणे की खराब फॉर्म पर हो रही आलोचना से भड़के गावस्कर
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने टेस्ट टीम के दो अनुभवी खिलाड़ियों चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे की खराब फॉर्म को लेकर हो रही लगातार आलोचना पर अपनी नाराजगी जताई है। पिछले कुछ सालों से अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा अपनी बल्लेबाजी की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नजर नहीं आ रहे हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली के साथ मध्यक्रम बल्लेबाजी का मजबूत स्तंभ माने जाने वाले यह खिलाड़ी इस साल करीब 20 की औसत से रन बना रहे हैं।
और पढ़ें: IND vs ENG: लॉर्डस टेस्ट में आखिर क्यों लाल टोपी पहने नजर आये भारतीय खिलाड़ी, खास है कारण
इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले दोनों खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट को लेकर भी काफी चर्चा देखने को मिली थी, हालांकि पहले दो मैचों में यह प्लेयर्स अपनी जगह बरकरार रखने में सफल रहे लेकिन न तो टीम को और न ही फैन्स को वो प्रदर्शन देखने को मिला जिसकी सभी को इन खिलाड़ियों से आशा है।
और पढ़ें: ENG vs IND: लॉर्डस में जो रूट ने रचा इतिहास, भारत के खिलाफ खास मामले में निकले सबसे आगे

सिर्फ रहाणे-पुजारा की फॉर्म पर ही सवाल क्यों
इंग्लैंड के खिलाफ इस सीरीज की पहली 3 पारियों में पुजारा ने 4, 12* और 9 रन बनाये तो वहीं पर अजिंक्य रहाणे ने 5 और एक रन का ही स्कोर बनाया। दोनों खिलाड़ियों के ऐसे प्रदर्शन के बाद खेल जगत में इनकी काफी आलोचना हो रही है, हालांकि पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का मानना है कि रोहित शर्मा और केएल राहुल को छोड़कर कोई भी भारतीय बल्लेबाज निरंतरता से रन नहीं बना रहा है।
सोनी स्पोर्टस नेटवर्क से बात करते हुए गावस्कर ने कहा,'विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल मैच में रहाणे भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे, तो असलियत यह है कि उनको छोड़कर उस दौरान किसी और ने रन नहीं बनाये। लेकिन सवाल यह होना चाहिये कि सिर्फ इन्ही दो खिलाड़ियों से ही सवाल क्यों पूछे जा रहे हैं। क्योंकि यह लो प्रोफाइल क्रिकेटर्स हैं। अगर उन्हें टीम से बाहर कर दिया जाता है तो वो अपनी शर्ट फाड़कर कोई बवाल नहीं करेंगे।'

सपोर्टिंग स्टाफ से पूछा जाना चाहिये सवाल
लॉर्डस के मैदान में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में केएल राहुल (129) और रोहित शर्मा (83) की शानदार शुरुआत और कोहली (42) के साथ अच्छी साझेदारी के बाद भारतीय टीम मजबूत स्थिति में थी जिसके बाद माना जा रहा था कि पुजारा और रहाणे टीम को एक मजबूत स्थिति में पहुंचायेंगे, हालांकि ऐसा हुआ नहीं और दोनों ही खिलाड़ी जेम्स एंडरसन का शिकार बने और सस्ते में पवेलियन लौटे।
सुनील गावस्कर का मानना है कि अगर आपकी टीम के दो सबसे अनुभवी बल्लेबाज मैच दर मैच एक ही तरह से आउट हो रहे हैं तो आपको खिलाड़ियों के बजाय सोपर्टिंग स्टाफ से सवाल करना चाहिये।

रहाणे-पुजारा की तकनीक में समस्या
गावस्कर ने इस मुद्दे पर आगे बात करते हुए कहा,'आप बस रहाणे को खेलने दीजिये। हां अगर वो ज्यादा रन नहीं बनाते है तो यह परेशानी का विषय जरूर है। लेकिन यह परेशानी का विषय रहाणे और पुजारा की तकनीक को लेकर होनी चाहिये। ऑस्ट्रेलिया में नीचे की तरफ खेलते हुए वो आउट हुए थे, आउट स्विंगर पर बीट होते हुए विकेट खो रहे हैं, ऐसे में कुछ खास बदलाव नहीं आया है। तो क्यो गलत हो रहा है। कौन है जो इन चीजों पर ध्यान नहीं दे रहा है। सिर्फ पुजारा ही नहीं वहां पर स्टाफ भी मौजूद है। क्योंकि आप अगर हर बार एक ही तरीके से आउट हो रहे हैं तो जाहिर है कि वहां पर आपकी तकनीक में कोई समस्या है लेकिन सिर्फ वहीं नहीं जो आपके साथ मदद करने के लिये स्टाफ पहुंचा है और वो भी इसे दूर नहीं कर पा रहा तो समस्या उसके साथ भी है।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
