SRH vs RCB: हैदराबाद ने खराब किया आरसीबी का खेल, आखिरी ओवर के रोमांच में 4 रनों से हराया
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का 52वां मैच दुबई के मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम के बीच खेला गया, जहां पर सम्मान बचाने की लड़ाई करने उतरी हैदराबाद की टीम ने आखिरी ओवर के रोमांच में जीत हासिल कर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम का टॉप 2 में पहुंचने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। 142 रनों का पीछा कर रही आरसीबी की टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिये 13 रनों की दरकार थी जिसमें भुवनेश्वर कुमार के सामने एबी डिविलियर्स बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन बावजूद इसके इस ओवर में महज 8 रन ही आ सके और हैदराबाद ने 4 रनों से आईपीएल की तीसरी जीत हासिल की।
और पढ़ें: RCB vs SRH: हर्षल पटेल ने तोड़ा IPL का सबसे बड़ा रिकॉर्ड, जसप्रीत बुमराह को छोड़ा पीछे
इस हार के साथ ही आरसीबी की टीम का 20 अंकों तक पहुंचने का सपना चूर-चूर हो गया है। अंकतालिका में फिलहाल दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 अंक के साथ टॉप पर काबिज है तो वहीं पर सीएसके की टीम 18 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर काबिज है। सीएसके की टीम को अभी भी 20 अंक पर पहुंचने के लिये पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलना है तो वहीं पर आरसीबी को 18 अंक के लिये दिल्ली का सामना करना होगा। ऐसे में टॉप 2 में पहुंचने के लिये आरसीबी की टीम को बड़ा जीत के अलावा सीएसके के मैच के नतीजे पर भी नजर रखनी होगी।
और पढ़ें: पैंडोरा पेपर्स लीक में सचिन तेंदुलकर के बाद आया IPL का नाम, इन दो टीमों पर लगा टैक्स चोरी का आरोप

चेज करते हुए आरसीबी की खराब रही शुरुआत
आरसीबी की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को निर्धारित 20 ओवर्स में 141 रन के स्कोर पर रोक दिया। सनराइजर्स हैदराबाद के लिये सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय (44) और केन विलियमसन (31) ने शानदार बल्लेबाजी की लेकिन हर्षल पटेल (3 विकेट) और डैनियल क्रिश्चियन (2 विकेट) ने आरसीबी की वापसी कराकर एक बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।
वहीं जब आरसीबी की टीम रनों का पीछा करने उतरी तो उसकी शुरुआत कुछ खास नहीं रही। सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने कप्तान विराट कोहली (5) को अपने पहले ही ओवर में वापस पवेलियन भेज दिया तो वहीं पर डैनियल क्रिश्चियन (1) सिद्धार्थ कौल और श्रीकर भरत (12) उमरान मलिक का शिकार बनें।

मैक्सवेल का रन आउट बना टर्निंग प्वाइंट
आरसीबी की टीम ने महज 38 रन के स्कोर पर अपने 3 विकेट को दिये थे, जिसके बाद ग्लेन मैक्सवेल (40) ने सलामी बल्लेबाज देवदत्त पाड्डिकल (41) के साथ पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिये 54 रनों की साझेदारी कर डाली। ग्लेन मैक्सवेल ने 25 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 40 रनों की पारी खेली तो वहीं पर पाड्डिकल ने 52 गेंदों का सामना कर 5 चौकों की मदद से 41 रनों की पारी खेली। कप्तान केन विलियमसन के जबरदस्त थ्रो ने इस साझेदारी को तोड़ते हुए ग्लेन मैक्सवेल को वापस पवेलियन भेजा तो राशिद खान ने पाड्डिकल को वापस पवेलियन भेज दिया। इस थ्रो ने मैच का रुख ही पलट दिया।

आखिरी ओवर के रोमांच में जीती हैदराबाद
आरसीबी की टीम को आखिरी 3 ओवर्स में 29 रनों की दरकार थी जिसको देखते हुए उमरान मलिक को 18वें ओवर में बुलाया गया, हालांकि शाहबाज अहमद (14) की तेज तर्रार पारी के चलते इस ओवर में 11 रन आये। 12 गेंदों में आरसीबी को जीत के लिये 18 रन की दरकार रह गई। जेसन होल्डर 19वां ओवर करने आये जिसकी पहली ही गेंद पर भुवनेश्वर कुमार ने शाहबाज अहमद का कैच छोड़ा लेकिन चौथी गेंद पर विलियमसन ने उनका कैच पकड़ कर इसे बड़ी गलती होने से बचा लिया। इस ओवर में होल्डर ने सिर्फ 5 रन दिये।
आखिरी ओवर में आरसीबी की टीम को जीत के लिये 6 गेंद में 13 रन की दरकार थी, जिसमें एबी डिविलियर्स को आखिरी गेंद पर जीत दिलाने के लिये छक्के की दरकार थी लेकिन वो ऐसा कर नहीं सके और हैदराबाद की टीम ने 4 रन से मैच को जीत लिया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications