IND vs NZ: ईडन गार्डन्स में फिर चला रोहित शर्मा का जादू, तोड़ा विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड
नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही 3 मैचों की सीरीज का आखिरी मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर खेला जा रहा है जहां पर रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ क्लीन स्वीप करने के इरादे से उतरी है। रोहित शर्मा ने लगातार तीसरे मैच में टॉस जीतने का कारनामा किया लेकिन इस मैच में उन्होंने अपनी टीम को चुनौती देते हुए पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। ओस से प्रभावित मैचों में किसी भी टीम के लिये रनों का बचाव करना काफी मुश्किल होता है लेकिन अगले साल विश्वकप की तैयारियां करने के लिये भारतीय टीम इस चुनौती के लिये तैयार रहना चाहती है जहां पर उसे पहले बल्लेबाजी करनी पड़े। इसी चैलेंज का सामना करते हुए भारतीय टीम ने टॉस जीतने के बावजूद पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर्स में 7 विकेट खोकर 184 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया।
और पढ़ें: 'दुनिया की कोई और टीम ऐसा नहीं करती', भारतीय चयनकर्ताओं का फैन हुआ पाकिस्तान का पूर्व क्रिकेटर
भारतीय टीम इस मैच में दो बदलाव के साथ उतरी है और जिस तरह से उसके सलामी बल्लेबाजों ने बल्लेबाजी की उस हिसाब से टीम का स्कोर 200 तक जा सकता था लेकिन कीवी टीम के लिये इस मैच में कप्तानी कर रहे मिचेल सैंटनर ने अपने 2 ओवर में 3 विकेट हासिल कर भारत को बैकफुट पर धकेल दिया। आखिरी के ओवर्स में भारत के निचले क्रम के बल्लेबाजों के योगदान की वजह से भारतीय टीम 184 के स्कोर तक पहुंच गई।
और पढ़ें: सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सेमीफाइनल में बेकार गई दर्शन नलकंडे की हैट्रिक, 4 रन से जीता कर्नाटक

रोहित-ईशान ने की विस्फोटक शुरुआत
भारतीय टीम के लिय सीरीज के आखिरी मैच में केएल राहुल को आराम दिया गया है और उनकी जगह ईशान किशन को बल्लेबाजी का मौका दिया गया। ईशान किशन (29) और रोहित शर्मा (56) ने पारी का आगाज विस्फोटक अंदाज में किया और 6 ओवर में 68 रन बटोर लिये। भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाजों ने जिस तरह से पारी का आगाज किया उससे वो एक बड़े स्कोर की तरफ बढ़ती नजर आ रही थी, हालांकि ऐसा हुआ नहीं। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिये 69 रनों की साझेदारी कर फाइनल मैच में विस्फोटक शुरुआत दिलाई।

रोहित के नाम हुए कई रिकॉर्ड
ईशान किशन ने 21 गेंदों में 6 चौके लगाकर 29 रनों की पारी खेली तो वहीं पर कप्तान रोहित शर्मा ने 31 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 56 रनों की पारी खेली। रोहित शर्मा ने अपने अंतर्राष्ट्रीय 20 करियर में 30वीं बार 50+ की पारी खेली और भारत के लिये इस प्रारूप में सबसे ज्यादा 50 प्लस पारियां खेलने वाले बल्लेबाज बन गये हैं। रोहित शर्मा ने इस मामले में विराट कोहली (29 बार) को पीछे छोड़ दिया है। इतना ही नहीं रोहित शर्मा ने अपनी पारी में 3 छक्के जड़कर अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 150 छक्के पूरे कर लिये हैं और भारत के लिये यह कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी बन गये हैं।

मिचेल सैंटनर ने कराई न्यूजीलैंड की वापसी
पावरप्ले के बाद ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम को ईडन गार्डन्स के मैदान पर रोक पाना लगभग नामुमकिन हो जायेगा लेकिन तभी कप्तान मिचेल सैंटनर गेंदबाजी करने आये और 2 ओवर में मैच का रुख बदल दिया। मिचेल सैंटनर ने पहले 7वें ओवर की दूसरी गेंद में ईशान किशन को टिम सेफर्ट के हाथों कैच कराया तो वहीं पर इसी ओवर की आखिरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव भी खराब शॉट खेलकर वापस लौट गये। अपने अगले ओवर में सैंटनर ने ऋषभ पंत को आसान सा कैच कराकर भारतीय टीम को तीसरा झटका दिया। लगातार 3 विकेट खो देने के बाद श्रेयस अय्यर ने कप्तान रोहित के साथ पारी को बढ़ाने की कोशिश की लेकिन ईश सोढ़ी की एक गेंद पर बड़ा शॉट मारने के चक्कर में रोहित शर्मा भी अपना विकेट गंवा बैठे।

पुछल्ले बल्लेबाजों ने करायी वापसी
एक अच्छी शुरुआत के बाद भारतीय टीम ने 34 रन के अंदर अपने 4 विकेट खो दिये थे जिसके बाद उसे एक साझेदारी की जरूरत थी, जिसकी जिम्मेदारी वेंकटेश अय्यर (20) और श्रेयस अय्यर (25) ने ली और 36 रनों की साझेदारी की। कीवी टीम के तेज गेंदबाजों ने फिर से अपनी टीम की वापसी करायी और पहले बोल्ट ने वेंकटेश अय्यर का विकेट लिया तो एडम मिल्ने ने श्रेयस अय्यर को वापस भेज दिया। हर्षल पटेल ने 11 गेंदों में 2 चौके और एक छक्का लगाकर 18 रन बनाये लेकिन हिट विकेट होकर वापस पवेलियन लौट गये। दीपक चाहर ने भारत के लिये आखिरी ओवर में अहम भूमिका निभाई और 8 गेंदों में 21 रन बटोरकर टीम के स्कोर को 184 पर पहुंचा दिया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications