नई दिल्ली। जापान की राजधानी में खेले जा रहे पैरालंपिक्स गेम्स में रविवार को भारतीय तीरंदाजी मिक्सड इवेंट के क्वार्टरफाइनल से भारत को निराशा हाथ लगी है। भारतीय तीरंदाज राकेश कुमार और ज्याति बाल्यान की मिक्सड जोड़ी ने रविवार को राउंड ऑफ 16 मुकाबले से शुरुआत की और मिक्स्ड टीम इवेंट में अपने जीत के रथ को बरकरार रखते हुए थाईलैंड की जोड़ी को हराया और क्वार्टरफाइनल मुकाबले में अपनी जगह पक्की की।
भारतीय टीम के राकेश कुमार और ज्योति बाल्यान की जोड़ी का सामना राउंड ऑफ 16 में थाईलैंड की प्रोफापोर्न होम्जानुथेएक और एनन आंगाफिनेन से हुआ जिसमें भारतीय जोड़ी ने 147 अंक हासिल किया तो जवाब में थाईलैंड की जोड़ी 141 अंक ही हासिल कर सकी। भारतीय टीम ने इस रोमांचक जीत के साथ क्वार्टरफाइनल में कदम रखा।
हालांकि कंपाउंड ओपन मिक्स्ड टीम के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम बेहद रोमांचक मैच में सिर्फ 2 अंक से हार गई और तीरंदाजी के सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाने से चूक गई। इस क्वार्टरफाइनल मैच में भारतीय जोड़ी का सामना टर्की की ओ क्योर और बी कोर्कमाज से हुआ जिन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 153 अंक हासिल किये। वहीं जवाब में भारतीय जोड़ी 151 अंक ही हासिल कर सकी।
गौरतलब है कि पैरालंपिक्स में तीरंदाजी के सेमीफाइनल में जगह बनाने से भले ही यह भारतीय जोड़ी चूक गई हो लेकिन अपने शानदार प्रदर्शन से लाखों भारतीयों का दिल जीत लिया है। इससे पहले रविवार को भवानी पटेल ने टेबल टेनिस में पहली बार भारत के लिये पदक हासिल कर इतिहास रच दिया है।
और पढ़ें: शाकिब अल हसन ने किया अपनी ऑल टाइम ODI टीम का ऐलान, धोनी समेत 3 दिग्गजों को दी जगह
इससे पहले भवानी पटेल इस टूर्नामेंट में देश के लिये फाइनल तक पहुंचने वाली पहली महिला बनी थी, जिन्होंने चीन की मिंग झाओ को सेमीफाइनल मुकाबले में 7-11, 11-7, 11-4, 9-11, 11-8 से हराकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया था। हालांकि फाइनल मैच में भवानी पटेल का सामना चीन की यिंग झाओ से हुआ जिसमें उन्हें 3-0 से हार का सामना करना पड़ा। भवानी को यिंग ने 7-11, 5-11 और 6-11 की स्कोर लाइन से हराया। आपको बता दें कि टोक्यो पैरालंपिक्स में यह भारत का पहला पदक है और टेबल टेनिस के इतिहास में देश को पहला पदक मिला है।