नई दिल्ली। जापान की राजधानी टोक्यो में खेले जा रहे पैरालंपिक्स गेम्स में भारत के निषाद कुमार ने रविवार को खेल दिवस के मौके पर हर भारतीय फैन को उस वक्त जश्न मनाने का मौका दिया जब इस पैरा हाई जंपर ने एशियन रिकॉर्ड तोड़ते हुए पैरालंपिक्स का सिल्वर मेडल अपने नाम किया। निषाद ने पैरालंपिक्स खेलों के पैरा हाई जंप इवेंट के अपने पहले ही प्रयास में 2.06 मीटर की छलांग लगाई और अपने निजी बेस्ट और एशियन रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इसके साथ ही उन्होंने देश के खाते में दूसरा सिल्वर मेडल भी डाला।
निषाद कुमार की इस जीत से देश के हर खेल प्रेमी के बीच जश्न का माहौल है और सोशल मीडिया पर वो इस पैरा एथलीट की तारीफ करता नजर आ रहा है। निषाद की तारीफ करने वालों में आम लोगों के साथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद मोदी, गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा समेत खेल जगत की तमाम मशहूर हस्तियों का नाम भी शामिल है।
निषाद की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जताते हुए ट्वीट किया और लिखा कि टोक्यो से काफी खुश करने वाली खबर आयी है। पुरुषों के टी47 वर्ग के हाई जंप इवेंट में निषाद कुमार के सिल्वर मेडल ने देशवासियों को खुशियां मनाने का मौका दिा है। वह एक शानदार एथलीट हैं और अपने जुनून और स्किल के दम पर देश के लिये पदक हासिल किया। इसके लिये उन्हें ढेर सारी बधाइयां।'
वहीं निषाद की उपलब्धि पर राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने भी बधाई दी है और उनके हार न मानने वाले जज्बे को सलाम किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा निषाद कुमार के हाई जंप में देश के लिये सिल्वर मेडल जीतने पर ढेर सारी बधाइयां। आपने विश्वस्तर पर अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और देश का नाम रोशन किया है। मैं आपकी सफलता के लिये दिल से बधाई देता हूं और आपके हार न मानने के जज्बे को सलाम करता हूं।
इनके अलावा टोक्यो ओलंपिक्स में भारत के लिये एथलेटिक्स का पहला गोल्ड मेडल जीतने वाले भालाफेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने भी बधाई थी और उन खिलाड़ियों की लिस्ट में शुमार हुए जिन्होंने इस दिग्गज को बधाई संदेश दिये हैं।
वहीं पर देश के लिये पदक जीतने वाले निषाद कुमार ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि पैरालंपिक्स खेलों में देश के लिये सिल्वर मेडल जीत कर काफी खुश हूं। मैंने दूसरे ही प्रयास में 2.06 मीटर की छलांग पूरी कर ली। मैं भारतीय खेल प्राधिकरण, पीएम मोदी, हिमाचल प्रदेश के सीएम और अन्य सभी लोगों के समर्थन के लिये उनका धन्यवाद करता हूं। मैं पिछले 2 सालों से बेंगलुरू में कोच सत्यनारायण के अंडर ट्रेनिंग कर रहा हूं। मुझे उम्मीद है कि और भी खिलाड़ी पैरालंपिक्स में देश के लिये पदक जीतने का कारनामा करेंगे।
आपको बता दें कि पैरा हाई जंप इवेंट में निषाद कुमार अमेरिकी पैरा एथलीट टाउनसेंड रोडरिक से पिछड़ गये और दूसरे पायदान पर रहकर भारत के लिये सिल्वर मेडल हासिल किया। रोडरिक ने 2.15 मीटर की छलांग लगाई और विश्व रिकॉर्ड बनाकर गोल्ड अपने नाम किया तो वहीं पर उनके हमवतन वाइज डैलस ने 2.06 मीटर की छलांग लगाकर ब्रॉन्ज मेडल जीता। निषाद कुमार के हमवतन रामपाल इस प्रतियोगिता में 5वें पायदान पर रहे और बहुत कम दूरी से पोडियम में पहुंचने से दूर रह गये।