जब आईसीसी ट्रॉफी के लिये पहली बार न्यूजीलैंड से भिड़ा भारत, गांगुली का शतक हुआ था बेकार
नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड की टीम के बीच आईसीसी की ओर से पहली बार आयोजित की जा रही विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल मैच साउथैम्पटन के मैदान पर खेला जा रहा है। मैच का पहला सेशन बारिश के चलते खेला नहीं जा सका और न ही दोनों कप्तान टॉस के लिये मैदान पर उतर सके। भारतीय टीम आईसीसी की पहली ट्रॉफी में कीवी टीम के खिलाफ जीत हासिल कर टेस्ट क्रिकेट के 144 सालों के इतिहास की पहली चैम्पियन बनने का कारनामा करना चाहेगी तो वहीं पर कीवी टीम के खिलाफ अपने हार के रिकॉर्ड को भी बदलना चाहेगी। उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम का आईसीसी इवेंटस में न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है और उसे 5 में से चार बार हार का सामना करना पड़ा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच आखिरी भिड़ंत साल 2019 में विश्व कप सेमीफाइनल हुआ था जहां पर मैक्कलम के रन आउट ने लाखों भारतीय फैन्स का विश्व कप जीतने का सपना तोड़ने का काम किया था।
और पढ़ें: ENGW vs INDW: ब्रिस्टल टेस्ट में शैफाली वर्मा ने रचा इतिहास, डेब्यू टेस्ट में नाम किये बड़े रिकॉर्ड
इससे पहले भारतीय टीम को 2016 टी20 विश्व कप के सुपर 10 में कीवी टीम का सामना करना पड़ा था जहां पर उसे 47 रनों से हार का सामना करना पड़ा, तो वहीं 2007 में खेले गये टी20 विश्व कप में उसे 10 रन से हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम ने सौरव गांगुली की कप्तानी में 2003 विश्व कप में इकलौता मैच जीतने का काम किया। जबकि इससे पहले साल 2000 में खेली गई आईसीसी नॉकआउट ट्रॉफी और 1999 विश्व कप में खेले गये मैच के दौरान उसे हार का सामना करना पड़ा था।
और पढ़ें: 'जब खेलूंगा वो पारी तो हो जायेगी सबकी बोलती बंद', नितिश राणा को याद आया ऋषभ पंत के करियर का लो फेज

21 साल पहले आईसीसी खिताब के लिये पहली बार भिड़े थे भारत न्यूजीलैंड
विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल मैच खेलने उतरी भारतीय टीम छठी बार आईसीसी टूर्नामेंट में कीवी टीम का सामना करने उतरी है लेकिन यह दूसरी बार है जब दोनों टीमें एक दूसरे का सामना फाइनल मैच में आईसीसी की ट्रॉफी के लिये उतरे हैं। भारत और न्यूजीलैंड की टीम का आईसीसी नॉकआउट ट्रॉफी 2000 में पहली बार फाइनल में सामना हुआ था, जहां पर आसानी से जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही भारतीय टीम को आखिरी समय में हुए उलटफेर के चलते हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में भारत को 4 विकेट से हराकर कीवी टीम ने आईसीसी की अपनी पहली और इकलौती ट्रॉफी हासिल करने का काम किया।

ऐसा था भारत का फाइनल में पहुंचने का सफर
सौरव गांगुली की कप्तानी में भारतीय टीम ने केन्या के खिलाफ कैंपेन का आगाज किया और राहुल द्रविड़ (66), सौरव गांगुली (68) की अर्धशतकीय पारियों के चलते 8 विकेट से जीत हासिल करने का काम किया। इसके बाद भारतीय टीम का सामना ऑस्ट्रेलिया से क्वार्टरफाइनल में हुआ, जहां पर युवराज सिंह (84) की अद्भुत पारी के चलते भारत ने 265 रन बनाने का काम किया और दूसरी पारी में जहीर खान, अजीत आगरकर और वेंकटेश प्रसाद की मदद से कंगारू टीम को 245 रन पर समेट कर 20 रन से जीत हासिल की। भारत को सेमीफाइनल मैच में साउथ अफ्रीका का सामना करना पड़ा। इस मैच में भारतीय टीम के कप्तान सौरव गांगुली (141) और राहुल द्रविड़ (58) ने शानदार पारियां खेलकर 295 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और साउथ अफ्रीका की पूरी टीम को 200 रनों पर आउट कर फाइनल में जगह बनाने का काम किया।

2 रन आउट ने बदल दिया पूरा खेल
आईसीसी नॉकआउट ट्रॉफी के फाइनल मैच में पहली बार भारत और न्यूजीलैंड की टीम का सामना एक दूसरे से हुआ। कीवी टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम के लिये कप्तान सौरव गांगुली (117) और सचिन तेंदुलकर (69) ने शानदार तरीके से आगाज करते हुए पहले विकेट के लिये 141 रनों की साझेदारी की। स्कॉट स्टॉयरिस ने सचिन तेंदुलकर को रन आउट कर वापस पवेलियन भेजने का काम किया। सचिन तेंदुलकर के बाद राहुल द्रविड़ (22) और सौरव गांगुली ने पारी को आगे बढ़ाने का काम किया और 61 रनों की साझेदारी की। भारतीय टीम मजबूती से 300 के स्कोर की बढ़ रही थी लेकिन तभी एश्ले ने गांगुली का विकेट हासिल किया और 15 रन बाद ही स्टॉयरिस ने द्रविड़ को भी रन आउट कर दिया। इन दोनों रन आउट ने भारतीय पारी पर लगाम लगाने का काम किया और आखिरी 12 ओवर में भारतीय टीम सिर्फ 63 रन ही बना सकी।
जवाब में कीवी टीम ने 37 रन पर अपने 2 विकेट खो दिये और 132 रन के स्कोर तक आधी टीम वापस पवेलियन लौट गई। यहां से क्रिस केर्न्स (नाबाद 102) और क्रिस हैरिस (46) ने भारत के हाथ से मैच छीनने का काम किया और 2 गेंद पहले 4 विकेट से जीत हासिल की।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications