फिर टूटा आरसीबी का खिताब जीतने का सपना, कोलकाता ने 4 विकेट से हरा कर दूसरे क्वालिफायर में बनाई जगह
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का एलिमिनेटर मैच शारजाह के मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया, जहां पर अपने पहले खिताब की तलाश में उतरी आरसीबी की टीम को एक बार फिर से निराशा हाथ लगी है और कप्तान विराट कोहली का भी बैंगलोर के लिये बतौर कप्तान सफर समाप्त हो गया है। शारजाह के मैदान पर खेले गये इस एलिमिनेटर मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 138 रन का ही स्कोर खड़ा किया। जिसके जवाब में केकेआर की टीम ने 6 विकेट खोकर आसानी से इस स्कोर को हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ ही कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम आईपीएल 2021 के दूसरे प्लेऑफ में क्वालिफाई कर चुकी है और अब दिल्ली कैपिटल्स के साथ इसी मैदान पर प्लेऑफ का मुकाबला खेलेगी। केकेआर के लिये इस मैच में सुनील नरेन जीत के हीरो रहे जिन्होंने पहले गेंदबाजी में 4 विकेट चटकाये तो वहीं पर बल्लेबाजी में भी 3 छक्के लगाकर 26 रनों की पारी खेली।
और पढ़ें: 16 साल की आयरिश बैटर ने तोड़ा मिताली राज का रिकॉर्ड, शाहिद अफरीदी को भी छोड़ा पीछे
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की टीम ने अच्छी शुरुआत करते हुए पावरप्ले में एक विकेट खोकर 53 रन बना दिये लेकिन पावरप्ले के बाद सुनील नरेन ने टीम की वापसी करायी और केएस भरत (9), विराट कोहली (39), ग्लेन मैक्सवेल (15) और एबी डिविलियर्स (11) का विकेट लेकर आरसीबी की कमर तोड़ दी। सुनील नरेन ने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 21 रन देकर 4 विकेट चटकाये, जिसके चलते आरसीबी की टीम निर्धारित 20 ओवर्स में 138 रन ही बना सकी।
जवाब में केकेआर के लिये शुबमन गिल (29) और वेकटेश अय्यर (26) ने जबरदस्त शुरुआत करते हुए 41 रनों की साझेदारी की। हर्षल पटेल ने दोनों सलामी बल्लेबाजों को वापस पवेलियन भेजा तो युजवेंद्र चहल ने राहुल त्रिपाठी (6) और नितिश राणा (23) का विकेट लेकर अपनी टीम की वापसी करायी। हालांकि इस बीच सुनील नरेन ने डैनियल क्रिश्चियन के एक ओवर में 3 छक्के लगाकर मैच का रुख ही पलट दिया और एक ओवर में 21 रन लेकर आरसीबी को पूरी तरह से बाहर कर दिया।
और पढ़ें: IPL 2021 के एलिमिनेटर में विराट कोहली ने बनाया टी20 का बड़ा रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय बनें
केकेआर की टीम को जीत के लिये 18 गेंद में 18 रन की दरकार थी, जिसको देखते हुए कप्तान कोहली ने सिराज को गेंदबाजी के लिये बुलाया जिन्होंने एक ही ओवर में 2 विकेट चटकाकर अपनी टीम की वापसी करायी और जीत की दरकार को 12 गेंद में 12 पर पहुंचा दिया। जॉर्ज गार्टन ने 19वां ओवर कराया और उन्होंने भी 5 रन दिये। आखिरी ओवर में डैनियल क्रिश्चियन गेंदबाजी करने आये और शाकिब अल हसन ने पहली ही गेंद पर चौका लगा दिया और बाकी की 4 गेंदों में 3 रन लेकर 4 विकेट से जीत हासिल कर ली।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications