T20 WC जीत के बाद एडम जाम्पा ने उड़ाई माइकल वॉन की भविष्यवाणी की धज्जियां, पोस्ट कर साधा निशाना
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने रविवार को न्यूजीलैंड को 8 विकेट से मात देकर इतिहास रच दिया और टी20 प्रारूप का अपना पहला विश्वकप खिताब जीता। दुबई में खेले गये इस फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने एकतरफा अंदाज में जीत हासिल की और न्यूजीलैंड को मात देकर ट्रॉफी अपने नाम की। उल्लेखनीय है कि ऑस्ट्रेलिया की टीम ने जब टूर्नामेंट की शुरुआत की थी तो वह आईसीसी की रैंकिंग में 7वें नंबर पर थी और अपने पिछले 5 टी20 सीरीज में हार कर आ रही थी। हालांकि जब टूर्नामेंट की शुरुआत हुई तो ऑस्ट्रेलिया की टीम ने धीरे-धीरे अपनी टीम की सारी कमियों को दूर करते हुए मजबूती के साथ वापसी की और फाइनल में जीत हासिल कर अपना पहला खिताब जीत लिया।
और पढ़ें: IND vs NZ: 'उसे पता है क्या करने की जरूरत है', हार्दिक के बाहर होने पर केएल राहुल ने दिया बड़ा बयान
ऑस्ट्रेलियाई टीम की यह जीत कई दिग्गजों के लिये भी हैरान करने वाली रही जिन्होंने उसे खिताब का दावेदार नहीं माना था। ऑस्ट्रेलियाई टीम को खिताब के दावेदारों में न गिनने वाले दिग्गजों में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन का नाम भी था जिन्होंने ऑस्ट्रेलियाई टीम को टॉप 4 में भी जगह नहीं दी। ऐसे में जब ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने जीत हासिल की तो जश्न मनाने में रुके नहीं।
और पढ़ें: IPL 2022 में डेविड वॉर्नर पर कौन सी टीम लगायेगी दांव, ब्रैड हॉग ने नीलामी को लेकर की भविष्यवाणी
जाम्पा ने वॉन पर साधा निशाना
कई खिलाड़ियों ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिये अपनी खुशी जाहिर की, लेकिन टीम के लेग स्पिनर एडम जाम्पा ने इंस्टाग्राम पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान पर मजेदार अंदाज में निशाना साधा। ड्रेसिंग रूम में जीत का जश्न मनाती हुई एक तस्वीर शेयर करते हुए एडम जाम्पा ने माइकल वॉन के पुराने बयान को याद करते हुए लताड़ा। अपनी तस्वीर के साथ एडम जाम्पा ने माइकल वॉन के उस बयान को कैप्शन में लिखा जिसमें उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई टीम को जीत के दावेदारों की लिस्ट से बाहर किया था।
उन्होंने लिखा,'मैं यह अभी कह रहा हूं, ऑस्ट्रेलिया के पास कोई ज्यादा मौका नहीं है, टी20 क्रिकेट में उन्होंने बहुत संघर्ष किया है। मुझे नहीं लगता कि ऑस्ट्रेलिया की टीम ज्यादा दूर जायेगी। इंग्लैंड, भारत, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड या शायद पाकिस्तान'

जानें क्या थी माइकल वॉन की भविष्यवाणी
गौरतलब है कि माइकल वॉन ने बीबीसी के साथ किये गये अपने पॉडकॉस्ट में टूर्नामेंट के टॉप 4 टीमों की भविष्यवाणी की थी कि ऑस्ट्रेलिया की टीम टूर्नामेंट पूरी तरह से ग्लेन मैक्सवेल पर निर्भर है और उसके पास ज्यादा इन फॉर्म खिलाड़ी नहीं है जो उसे ज्यादा दूर तक ले जा सकते हैं। उन्होंने कहा था कि ऑस्ट्रेलिया की टीम ने टी20 में संघर्ष किया है और उनके पास ज्यादा मौका नहीं है। ग्लेन मैक्सवेल शानदार फॉर्म में हैं और उनके लिये यह टूर्नामेंट जबरदस्त बीतने वाला है। लेकिन मुझे नहीं लगता कि ऑस्ट्रेलियाई टीम ज्यादा कुछ कर पायेगी। भारत, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड टॉप 4 टीमों में रहने वाली है या फिर परिस्थितियों का फायदा उठाकर पाकिस्तान भी पहुंच सकती है।

सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज रहे जाम्पा
आपको बता दें कि एडम जाम्पा टीम की इस यादगार जीत में काफी अहम साबित हुए और यूएई की पिचों पर शानदार गेंदबाजी कर 13 विकेट चटकाये और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बने। जाम्पा ने अपने स्पेल के दौरान ज्यादा रन भी नहीं दिये और विपक्षी टीम को तेजी से रन बनाने से रोका। जीत के बाद कप्तान एरॉन फिंच ने भी कहा कि डेविड वॉर्नर के बजाय प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवार्ड एडम जाम्पा को दिया जाना चाहिये था।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
