
ऋषभ पंत की स्टंपिंग
भारत के खिलाफ बांग्लादेश की टीम ने अच्छी शुरुआत करते हुए 5 ओवर में बिना कोई विकेट खोये 41 रन बना लिये थे। छठे ओवर की कमान भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल को सौंपी गई। चहल ने तीसरी गेंद पर लिटन दास को ऋषभ पंत के हाथों स्टंपिंग कराया। लेकिन तीसरे अंपायर ने इस विकेट को रिव्यू करने का फैसला किया। रिप्ले में यह साफ हो गया कि ऋषभ पंत ने गेंद विकेट के आगे से गेंद पकड़ी जिस कारण गेंद को नो बॉल दे दिया गया और लिटन दास को बड़ा जीवनदान मिला। पंत ने गेंद को पकड़ने की जल्दबाजी मैच के दौरान कई बार दिखाई, जिसके चलते कई मौकों पर भारतीय टीम को अतिरिक्त रन देना पड़ा।

रोहित शर्मा का कैच ड्रॉप
छठे ओवर में ऋषभ पंत के हाथों जीवन दान मिलने के बाद अगले ही ओवर में बांग्लादेश की टीम को एक और बड़ा जीवनदान मिला। वाशिंगटन सुंदर 7वां ओवर लेकर आये थे और दूसरी ही गेंद पर लिटन दास ने एक और शॉट खेला और गेंद ऊपर की ओर उठ गई। गेंद के पास कप्तान रोहित शर्मा पहुंच तो गए लेकिन कैच पकड़ नहीं पाये। वैसे तो रोहित शर्मा भारत के सबसे सुरक्षित फील्डर्स में से एक हैं लेकिन फील्डिंग में एक भी कैच पूरा मैच बदलने का दम रखता है। दिल्ली में मुश्फिकुर रहीम का कैच छोड़ना भारत के लिए हार का कारण बना था।

खलील अहमद की पिटाई
भारत के लिए युवा गेंदबाजों को मौका देना अच्छी बात है लेकिन खलील अहमद जिस तरह की गेंदबाजी कर रहे हैं उसे देखकर साफ लगता है कि अब भारतीय मैनेजमेंट को इस बारे में सोचना चाहिये। भारतीय टीम के खलील अहमद ने दूसरे ओवर की शुरुआत की लेकिन ऐसा लगा जैसे मैच अभी भी दिल्ली में ही खेला जा रहा हो। दिल्ली में अपना आखिरी ओवर करते हुए खलील ने लगातार 4 गेंदो पर 4 चौके खाये थे और आज की पारी की शुरुआत में ही उन्होंने लगातार 3 चौके खाये। भारतीय गेंदबाजों की बात करें तो खलील सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने 4 ओवर में 44 रन खाये और सिर्फ 1 विकेट हासिल किया।


Click it and Unblock the Notifications
