नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड(बीसीसीआई) ने कोरोना वायरस के चलते इंडियन प्रीमीयर लीग(आईपीएल) को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है। बीसीसीआई ने यह फैसला देश में 3 मई तक लाॅकडाउन बढ़ने के बाद लिया है।
बीसीसीआई अधिकारी ने आईपीएल टीमों को टूर्नामेंट अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने की जानकारी दी, जिससे अप्रैल- मई में लीग के कराए जाने की संभावना नहीं बची है। इससे पहले मंगलवार को बीसीसीआई ने आठों फ्रेंचाइजी और प्रसारकों समेत सभी संबंधित पक्षों को सूचित कर दिया था कि लीग स्थगित की जा रही है, रद्द नहीं। आईपीएल का 13वां सीजन 29 मार्च से शुरू होना था, जो 24 मई तक चलने वाला था, लेकिन इसी बीच कोरोना वायरस ने भारत में अपने पैर जमाने शुरू कर दिए, जिसकी वजह से इस लीग को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया।
हैरानी वाली बात यह है कि जहां अन्य देशों में कई टूर्नामेंट अगले साल के लिए स्थगित किए गए हैं या फिर रद्द कर दिए गए हैं तो वहीं बीसीसीआई को अभी भी उम्मीद है कि हालात सुधरने के बाद साल के अंत में टूर्नामेंट करवाया जा सकता है। एक फ्रेंचाइजी के अधिकारी ने कहा था, 'बीसीसीआई ने हमें सूचित किया है कि आईपीएल अभी स्थगित किया जा रहा है लेकिन उन्हें उम्मीद है कि साल के आखिर में इसके लिए कोई विंडो निकल आएगी।' इसी के साथ उन प्रशंसकों को गहरा झटका लगा है जो इस उम्मीद में थे टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी मैदान में कमाल दिखाएंगे।
बीसीसीआई ने टूर्नामेंट पूरी तरह से रद्द इसलिए नहीं किया क्योंकि मैनेजमेंट को कहीं न कहीं होने वाले घाटे की चिंता सता रही है। सूत्रों के मुताबिक आईपीएल को रद्द करने पर 3000 करोड़ रुपये का नुकसान होगा।