
टॉस से नहीं मेहनत से जीती जाती है सीरीज
टी-20 सीरीज की शुरुआत भारतीय टीम के लिए कुछ खास नहीं हुई और पहला मैच टीम इंडिया आसानी से 8 विकेट से हार गई। लेकिन अगले मैच में भारतीय टीम ने वापसी करते हुए सीरीज में 1-1 से बराबरी की। लेकिन एक बार फिर से इंग्लैंड ने भारतीय टीम को मात दी और सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली। लेकिन अगले मैच में टीम इंडिया ने फिर से वापसी की और सीरीज को 2-2 की बराबरी पर लाकर खड़ा कर दिया। सीरीज के पहले तीन मैच उस टीम ने जीते जिसने टॉस जीता, लेकिन अगले दोनों ही मैच भारतीय टीम ने टॉस हारने के बाद भी जीतकर दिखा दिया है मैच के फैसले टॉस से नहीं मैदान पर पसीना बहाने से होते हैं।

सूर्यकुमार यादव एक बेहतरीन खो
इंग्लैंड के खिलाफ इस टी-20 सीरीज में भारतीय टीम को कुछ दमदार युवा खिलाड़ी मिले जो टीम इंडिया का भविष्य हो सकते हैं. सुर्यकुमार यादव ने पहली बार टीम इंडिया की जर्सी पहनी और दो मैचों में उन्होंने जबरदस्त बल्लेबाजी करके साबित किया कि वह इस टीम में आने के लायक हैं। अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय पारी में सूर्यकुमार यादव ने जोफ्रा आर्चर को छक्का मारकर अपने इरादे साफ कर दिए थे। इस मैच में उन्होंने 31 गेंदों पर 57 रन की पारी खेली और विवादास्पद तरीके से आउट हुए। अगले मैच में सूर्यकुमार ने 17 गदों पर 32 रनों की पारी खेली। अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में सूर्यकुमार यादव को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला, लेकिन अगले दोनों मैचों में उन्होंने इस मौके का भरपूर इस्तेमाल किया।

अहम मौकों पर शार्दुल ठाकुर असरदार
ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर शार्दुल ठाकुर ने वॉशिंगटन सुंदर के साथ मिलकर गाबा में शानदार पारी खेली थी। अहम मौकों पर विकेट लेकर भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। पिछले दो मैचों की बात करें तो दोनों ही मैचों में शार्दुल ठाकुर ने भारी दबाव में गेंदबाजी का जिम्मा संभाला और ऐसे मौके पर टीम इंडिया की मैच में वापसी कराई जब मैच टीम के हाथ से फिसलता नजर आ रहा था। सीरीज में 5 मैचों में शार्दुल ने सर्वाधिक 13 विकेट अपने नाम किए। हालांकि उनका इकोनॉमी 9.69 का था, लेकिन जिस तरह से अहम मौकों पर उन्होंने विकेट लिए वो ये आंकड़े जाहिर नहीं कर सकते हैं। जिन तीन मैचों में भारत ने जीत दर्ज की उन सभी मैचों में शार्दुल ने टीम को विकेट दिलाकर इंग्लैंड की रनों की रफ्तार पर लगाम लगा दी। उन्होंने इयोन मोर्गन और बेन स्टोक्स को बड़े स्कोर नहीं खड़ा करने दिया।

कोहली की फॉर्म में वापसी
विराट कोहली टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज हैं लेकिन पिछले कुछ समय से उनका बल्ला खामोश था। लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में कोहली ने जबरदस्त वापसी की। चेन्नई टेस्ट में अर्धशतक लगाने के बाद कोहली ने अगली तीन पारियों में 27,0,0 का स्कोर किया। पहले टी-20 में भी कोहली खाता खोले बिना आउट आउट हो गए। लेकिन अगले मैच में कोहली ने जबरदस्त वापसी की और 49 गेंदों पर 73 रनों की पारी खेली। तीसरे टी-20 मैच में कोहली 46 गेंदों पर 77 रन बनाए लेकिन फिर भी टीम को हार का सामना करना पड़ा। लेकिन निर्णायक मुकाबले में कोहली को खुद पर भरोसा था और उन्होंने रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग की और 80 रनों की नाबाद पारी खेली। सीरीज में तीन अर्धशतक लगाकर कोहली ने जबरदस्त वापसी करते हुए मैन ऑफ द सीरीज का खिताब अपने नाम किया।


Click it and Unblock the Notifications
