नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया ने रांची हुए तीसरे वनडे मैच को जीतकर सीरीज में वापसी कर ली है। भारत इस सीरीज के शुरुआती दो मैच जीतकर 2-0 की बढ़त के साथ इस रांची के मैदान पर खेलने उतरा था। लेकिन यह मैदान कंगारू बल्लेबाजों को कहीं ज्यादा रास आया और भारत को इस मैच में 32 रनों की हार का सामना करना पड़ा। इसके चलते अब यह सीरीज भारत के लिए 2-1 हो चुकी है। ऐसे में अगले दो मैच टीम के लिए काफी अहम साबित होने जा रहे हैं।
भारत को अब अपना चौथा और पांचवा मैच क्रमशः मोहाली और दिल्ली में खेलने हैं। टीम इंडिया की ओर से इन मैचों के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है। धोनी को अंतिम दोनों वनडे मैचों के लिए आराम दिया गया है। इस बात की पुष्टि खुद भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच संजय बांगर ने की है। ऐसे में ऋषभ पंत के लिए धोनी की जगह भरने का यह सुनहरा अवसर है। साथ ही टीम को विश्व कप के मद्देनजर अपने टीम संतुलन को परखने का भी बढ़िया मौका होगा।
इसके अलावा मोहम्मद शमी को भी रांची वनडे में हल्की चोट लगने की खबर है। उनके पैर में बल्लेबाज का सीधा शॉट लगा था। अगर ऐसा कुछ होता है तो भुवनेश्वर कुमार उनकी जगह भरने के लिए बेंच पर बेकरार बैठे हैं। कोहली में चौथे और पांचवे मैच के लिए टीम में एक-दो बदलाव करने की बात मैच के बाद कही थी। कोहली ने कहा था कि अभी हम यह देखेंगे कि कौन सा खिलाड़ी अंदर होगा और कौन सा बाहर। ऐसे में जब धोनी के रूप में एक खिलाड़ी को पहले ही आराम दे दिया जा चुका है तो देखते हैं कि कोहली टीम में कोई और भी बदलाव करते हैं या नहीं।