नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन के पहले क्वालिफायर मैच में मुंबई इंडियंस की टीम ने अपना दबदबा बरकरार रखते हुए दिल्ली कैपिटल्स की टीम को 57 रन से हराकर छठी बार इस लीग के फाइनल में जगह बनाने का काम किया है। इसके साथ ही मुंबई इंडियंस की टीम ने इस सीजन तीसरी बार दिल्ली कैपिटल्स की टीम को एकतरफा अंदाज में मात देने का काम किया। दिल्ली की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
मुंबई इंडियंस की टीम ने दुबई के मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 200 रनों का स्कोर खड़ा किया। मुंबई के लिये सूर्यकुमार यादव (51), इशान किशन (55*), क्विंटन डिकॉक (40) और हार्दिक पांड्या (37) ने ताबड़तोड़ पारियां खेली और बीच में लगातार विकेट जाने के बावजूद टीम को 200 रनों के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।
और पढ़ें: IPL 2020: सूर्यकुमार यादव ने अपने 100वें मैच में रचा इतिहास, नाम किया खास रिकॉर्ड
वहीं रनों का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। उसने अपने 3 विकेट पहली 9 गेंद के अंदर खो दिये और एक भी रन नहीं बना सकी। वहीं चौथा विकेट 20 रन के स्कोर पर खोते हुए पावरप्ले की समाप्ति तक सिर्फ 37 रन ही जोड़ सकी। वहीं 41 रन के स्कोर पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने अपना पांचवा विकेट खोया।
हालांकि यहां पर दिल्ली के लिये मार्कस स्टॉयनिस (65) और अक्षर पटेल (42) ने पारी को संभालकर दिल्ली को बेहद शर्मनाक और करारी हार से बचाने का काम किया और छठी विकेट के लिये 71 रनों की साझेदारी की। इस दौरान स्टॉयनिस ने 46 गेंदों में 6 चौके और 3 छक्के लगाने का काम किया जबकि अक्षर पटेल ने 33 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्के जड़े।
और पढ़ें: IPL 2020: पहले क्वालिफायर में मुंबई ने रचा इतिहास, दिल्ली के नाम हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड
दिल्ली की टीम निर्धारित 20 ओवर्स में 8 विकेट खोकर 143 रन ही बना सकी और 57 रनों से इस मैच को हार गई। वहीं मुंबई इंडियंस के लिये तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवर में 14 रन देकर 4 विकेट हासिल किये जिसमें एक मेडन भी शामिल रहा। वहीं ट्रेंट बोल्ट ने भी उनका बखूबी साथ दिया और 4 ओवर में 9 रन देकर 2 विकेट हासिल किये और एक मेडन फेंका। इन दोनों गेंदबाजों के अलावा क्रुणाल पांड्या और कायरन पोलार्ड ने भी एक-एक विकेट झटकने का काम किया।