
आईपीएल से पहले हार्दिक पांड्या की वापसी मुश्किल
न्यूजीलैंड दौरे पर पहुंची इंडिया-ए की टीम में शामिल किये गये हार्दिक पांड्या को अनफिट होने की वजह से बीच दौरे से वापस बुला लिया गया और फिर अनफिट होने के चलते बाद में कीवी दौरे से पूरी तरह से बाहर कर दिया गया। इस बात की बेहद कम संभावना है कि वह 29 मार्च से शुरू होने वाली इंडियन प्रीमियर लीग से पहले वापसी करें।
इसका मतलब है कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज से भी वह बाहर ही बैठ सकते हैं। ऐसे में जहीर खान ने हार्दिक पांड्या को जल्दबाजी न दिखाने की सलाह देते हुए कहा कि उनके पास काफी समय है। जल्दबाजी न करें।

जहीर खान ने दी हार्दिक पांड्या को अहम सलाह
अपने करियर के दौरान कई बार चोटों की वजह से टीम से बाहर रहने वाले जहीर खान ने कहा,'मुंबई इंडियन्स के लिए आईपीएल में अभी काफी समय है और हार्दिक को अपना समय लेना चाहिए और 120 प्रतिशत की फिटनेस के साथ वापसी करनी चाहिए। मैं इसे अपने अनुभव से कह सकता हूं, जब कोई चोटिल होता है तो यह वापसी करने के बारे में नहीं होता बल्कि आप कैसे वापसी करते हैं इस पर निर्भर करता है।'
मुंबई इंडियन्स के क्रिकेट संचालन के निदेशक जहीर ने कहा, ‘अपको इस पूरी प्रक्रिया के दौरान धैर्य बरकरार रखना होगा और इसकी निगरानी कर रही टीम के मुताबिक काम करना होगा।'

हार्दिक पांड्या से जहीर खान ने की बात
हार्दिक पांड्या अभी रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे है और फिटनेस टेस्ट में नाकाम रहने के बाद टेस्ट टीम में वापसी नहीं कर सके थे।
जहीर से जब पूछा गया कि क्या उनकी पंड्या से बात हुई है तो उन्होंने कहा, 'हां (मैंने उससे बात की है)। चाहे किसी भी खेल का खिलाड़ी हो, मैं हर किसी से कहना चाहूंगा कि चोटिल होने बाद खेल से दूर होना काफी निराशाजनक होता है। लेकिन यह काफी जरूरी है कि धैर्य बरकरार रखें और उन चीजों को नियंत्रित करें जिन पर आपका नियंत्रण है।'

इशांत शर्मा की चोट कितनी गंभीर
जहीर से न्यूजीलैंड दौरे से पहले इशांत शर्मा के चोटिल होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह ज्यादा चिंता की बात नहीं क्योंकि टीम की बैंच स्ट्रैंथ मजबूत है। इशांत का टखना दिल्ली के रणजी मैच में मुड़ गया था।
उन्होंने कहा, ‘ पिछली श्रृंखला का क्या नतीजा था। यह उसके बारे में नहीं है, यह पूरी टीम के एकजुट प्रदर्शन के बारे में है। भारतीय टीम का यही मजबूत पक्ष है। किसी भी टीम की मजबूती का पता उसकी बैंच स्ट्रैंथ से चलता है। हम अभी उस स्थिति में हैं जहां हमारे पास प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है।'


Click it and Unblock the Notifications
