जोहानसबर्ग। आजकल देश हो या विदेश..हर जगह केवल एक ही खिलाडी़ की बातें हो रही है और वो हैं टीम इंडिया के टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली, जिनकी आतिशी बल्लेबाजी ने हर किसी को अपना मुरीद बना लिया है।
एशिया कप, टी 20 विश्वकप और आईपीएल 2016 में जिस तरह से कोहली ने अपने बल्ले से रनों की बौछार की है, उसे देखकर समूचा जगत आज कोहली का फैन हो गया है। आईपीएल में चार शतक ठोंकने वाले कोहली के बारे में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाजी कोच ट्रेंट वुडहिल ने एक खास बात बतायी है।
वुडहिल ने कहा कि विराट कोहली की सक्सेस का राज उनका क्रिकेट के प्रति जूनून और अपनी फिटनेस का पूरा ख्याल रखना है। आपको बता दें कि आईपीएल के सीजन 9 में विराट कोहली ने चार शतकों सहित 81 के औसत के साथ सर्वाधिक 973 रन बनाए हैं।
कोहली की तारीफ करते हुए वुडहिल ने कहा कोहली क्रिकेट के प्रति काफी सकारात्मक रूख रखते हैं और उन्होंने अपनी फिटनेस पर जबरदस्त मेहनत की है जिसके कारण ही वो लंबी पारी खेलने में सफल हुए हैं, उन्हें ऊपर वाले ने गजब के टैलेंट से नवाजा है जिसकी वजह से वो फील्ड पर शानदार शाट्स लगाते हैं। वो अपने खेल और अपनी फिटनेस के प्रति प्रतिब्द्ध हैं जो कि उनकी सफलता का मुख्य कारण है।