नई दिल्ली। आईपीएल 11 में आधे से ज्यादा मुकाबले खेले जा चुके हैं।ऐसे में कौन सी टीम प्लेऑफ के लिए पहुंचेगी यह स्थिति भी अब साफ होने लगी है। मुंबई इंडियंस की अगर बात करें तो उऩकी टीम के लिए इस सीजन की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही थी। एक समय पर लग रहा था की उनकी टीम प्लेऑफ के लिए पहुंच नहीं सकती है लेकिन मुंबई ने कई बार यह कारनामा किया है जब वो लगातार हार के बाद लगातार जीत हासिल कर प्लेऑफ तक पहुंचते हैं। अंक तालिका में सबसे नीचे पहुंच चुकी मुंबई इंडियंस अब अंक तालिका में केकेआर को पछाड़कर चौथे स्थान पर पहुंच गई है। बुधवार को केकेआर से हुए मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने 102 रनों की एक शानदार और यादगार जीत हासिल की इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा ने कुछ ऐसे आंकड़े बताए जो सच में हैरान करने वाले हैं।
मुंबई का मई से है खास कनेक्शनः अगर आईपीएल के पिछले 5 सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो साबित होता है की आखिर मई महीने में मुंबई की जीत का आकड़ा कितना शानदार रहा है। अप्रैल महीने में मुंबई इंडियंस ने 15 मैच जीते है जबकि इस बीच उन्हें 21 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं अगर मई महीने की बात करें तो मुंबई की टीम ने 26 मैचों मे जीत दर्ज की है और सिर्फ 11 मुकाबले ही वो हारे हैं इससे साफ जाहिर होता है की मुंबई की जीत का आकड़ा मई महीने में दोगुने से भी ज्यादा जाता है। केकेआर से मिली जीत के बाद रोहित ने कहा की वो मई महीने में एक टीम के रूप में उभरते हैं और सबसे खास बात है की हम सभी खासा मेहनत करते हैं और हर मैच जीतने की कोशिश करते हैं।
कप्तान ने ईशान किशन को सराहाः केकेआर से हुए इस मुकाबले में ईशान किशन की शानदार 21 गेंदों में 62 रनों की पारी ने सभी का मन मोह लिया। उन्होंने महज 17 गेंदों में 50 रन बना लिए थे। कुलदीप यादव की लगातार 4 गेंदों पर छक्का मारकर 19 साल के किशन ने सभी का दिल जीत लिया था। इस मैच के बाद कप्तान रोहित ने कहा की जिस तरह से निडर होकर किशन ने बल्लेबाजी की उसकी बदौलत मुंबई इतना बड़ा स्कोर खड़ा कर सकी है। रोहित ने कहा की मुंबई की इस जीत का श्रेय खासतौर पर किशन को जाता है।