नई दिल्ली। भारतीय कप्तान विराट कोहली का मानना है कि अब वक्त आ गया है कि वह अपने शरीर की जरूरत को समझें और अपने करियर को आगे बढ़ाने के लिए काम के बोझ को मैनेज करें। गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका दौरे से लौटने के बाद कोहली को श्रीलंका में चल रही त्रिकोणीय टी 20 सीरीज के लिए आराम दिया गया है।
एक कार्यक्रम में मुंबई पहुंचे कोहली ने कहा, 'शारीरिक रूप से कुछ हल्की फुल्की चोट हैं, मैं इनसे उबर रहा हूं। वर्कलोड ने थोड़ा असर दिखाना शुरू कर दिया है। अब मुझे ज्यादा सतर्क होना होगा कि मैं अपने शरीर, दिमाग और क्रिकेट के साथ कैसे आगे बढ़ूं।'
विराट ने आगे कहा, 'ब्रेक उन्हें नई चुनौतियों के लिए तैयार होने में मदद कर रहा है, जिसकी शुरुआत आईपीएल से होगी। आगे बढ़ने के लिए इस तरह का वक्त काफी अहम है। मैं इसका लुत्फ उठा रहा हूं। मुझे किसी भी चीज की कमी नहीं खल रही है, क्योंकि मेरे शरीर को वाकई इसकी जरूरत थी। हालांकि, मैं मैचों पर नजर लगाए हूं, लेकिन इस वक्त ऐसा नहीं लग रहा है कि मुझे मैदान पर होना चाहिए था। इस वक्त मैंने अपने शरीर की जरूरत को महसूस करना शुरू कर दिया है।'
कार्यक्रम में विराट ने टेनिस खिलाड़ी रोडर फेडरर की तारीफ भी की। विराट ने कहा कि 36 साल में जिस तरह रोजर खेलते हैं, वह उन्हें प्रेरणा देता है।