नई दिल्ली। कोरोना वायरस का कहर दुनियाभर में पिछले लगभग 6 महीनों से देखने को मिल रहा है। इस महामारी के कारण सड़कें सूनी तो सभी खेल ठप पड़े हुए हैं। हालांकि अब कई देशों में राहत मिली है और खिलाड़ी मैदान पर प्रैक्टिस करते दिख रहे हैं। कप्तान जैसन होल्डर की अगुवाई में वेस्टइंडीज टीम के कुछ खिलाड़ी जुलाई में होने वाले इंग्लैंड दौरे को देखते हुए छोटे-छोटे ग्रुप्स में प्रैक्टिस पर लौट आए हैं। कोविड-19 लॉकडाउन के कारण खिलाड़ी लंबे समय तक नेट प्रैक्टिस से बाहर रहे। सोमवार को क्रेग ब्रेथवेट, शाई होप, केमार रोच, शेन डॉरिच, समर्थ ब्रूक्स और रेमन रीफर ने केनसिंगटन ओवल में अभ्यास किया। इस दौरान किसी को भी अंदर आने की अनुमति नहीं थी।
वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड के मुताबिक, 'अभ्यास पर वापसी के लिए स्थानीय सरकार ने मंजूरी दी थी। इसके लिए सुरक्षा से जुड़े कड़े नियमों जैसे सोशल डिस्टैंसिंग, सरकार और क्रिकेट वेस्टइंडीज की चिकित्सा सलाहकार समिति द्वारा तय गए दिशानिर्देशों का पालन किया जा रहा है। स्टेडियम के सभी दरवाजे बंद करके अभ्यास किया जाता है।' खिलाड़ियों ने वेस्टइंडीज के सहायक कोच रॉडी एस्टविक और बारबाडोस क्रिकेट संघ के अन्य कोचों की देखरेख में अभ्यास किया।
क्रिकेट वेस्टइंडीज के सीईओ जॉनी ग्रेव ने कहा, 'यह बहुत अच्छी खबर है कि खिलाड़ियों ने अभ्यास शुरू कर दिया है। वो पिछले कुछ सप्ताह से घरों में ही रहकर केवल फिटनेस से जुड़ी गतिविधियों तक सीमित थे।' इंग्लैंड दौरे के बारे में ग्रेव ने कहा, 28 मई को बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के साथ टेलीकॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग होगी। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) से बातचीत का भी आखिरी चरण चल रहा है। यदि सबकुछ सही होता है और इंग्लैंड दौरे को मंजूरी मिलती है, तो फिर सीरीज के लिए टीम का चयन बाकी रह जाएगा। इस दौरे के लिए चार्टर्ड फ्लाइट की व्यवस्था भी करना होगी