नई दिल्लीः चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को अपना पहला मुकाबला 10 अप्रैल को खेलना है जो कि टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला होगा। यह मैच दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होगा जो मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।
इस मैच से पहले चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने अपने प्रैक्टिस मैचों की झलक दिखाई है जिसमें महेंद्र सिंह धोनी अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं।
आपको बता दें कि आईपीएल की टीमें अपने-अपने आधिकारिक मैचों से पहले इंट्रा स्क्वायड मुकाबले खेल रही हैं जिनमें प्रत्येक टीम खुद को दो भागों में विभाजित कर लेती है और फिर वे एक दूसरे के सामने प्रतिद्वंदी की तरह से मैच खेलते हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने ऐसे ही एक मैच में शुक्रवार को हिस्सा लिया। फ्रेंचाइजी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर 1 मिनट 48 सेकंड का वीडियो शेयर किया है जिसमें इस मैच से जुड़ी हाईलाइट को आप देख सकते हैं। वीडियो में आप देख सकते हैं कि धोनी स्टंप के पीछे अपने ट्रेडमार्क स्टाइल में हैं।
#SuperMatch highlights! Catch all the hits, swings and spells from when the lions took on themselves! #WhistlePodu #Yellove 🦁💛 pic.twitter.com/DTCd11M13N
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) April 7, 2021
इसके बाद उन्होंने उपकप्तान सुरेश रैना के साथ क्रीज पर बल्लेबाजी में समय बिताया और विपक्षी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। जहां धोनी ने कुछ खूबसूरत शॉट्स लगाए तो वहीं सुरेश रैना ने भी रविंद्र जडेजा की गेंद पर डीप स्क्वायर लेग पर फ्लिक करके फॉर्म दिखाई।
ड्वेन ब्रावो, शार्दुल ठाकुर, चेतेश्वर पुजारा, सैम कुरेन, मोइन अली और दीपक चाहर जैसे अन्य खिलाड़ियों को भी हाइलाइट में देखा जा सकता है। दीपक चाहर के साथ आखिरी ओवर में रॉबिन उथप्पा और रवींद्र जडेजा को आउट करते हुए वीडियो समाप्त हुआ।