नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच मार्च में खेली गई वनडे सीरीज के दौरान कंधे में लगी चोट के चलते आईपीएल 2021 से बाहर हुए दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपनी वापसी का ऐलान कर दिया है। कंधे में लगी इस चोट के चलते श्रेयस अय्यर आईपीएल से बाहर हो गये थे और इस पूरे सीजन वापसी नहीं करने वाले थे, हालांकि कोरोना वायरस के चलते जब बीच में ही आईपीएल को रोकना पड़ा तो अब बचे हुए 31 मैचों के दूसरे फेज में उनकी वापसी तय हो गई है। श्रेयस अय्यर की गैर मौजूदगी में ऋषभ पंत ने दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी संभाली और टूर्नामेंट में खेले गये अब तक के 8 मैचों में से 6 में जीत हासिल कर अपनी टीम को अंकतालिका में सबसे ऊपर पहुंचा दिया है।
अब आईपीएल का बचा हुआ सीजन 19 सितंबर से यूएई में खेला जायेगा जिसमें एक बार फिर टीमें खिताब के लिये भिड़ती नजर आयेंगी। श्रेयस अय्यर ने आईपीएल के बचे हुए सीजन के लिये अपनी वापसी को लेकर हामी भरी है तो वहीं पर टीम की कप्तानी के सवाल पर उन्होंने बॉल को दिल्ली कैपिटल्स के पाले में डाल दिया है।
और पढ़ें: जानें कैसे IPL 2022 में शामिल होंगी 2 नई टीमें, मेगा ऑक्शन को लेकर BCCI ने बदले नियम
द ग्रेड क्रिकेटर के यूट्यूब चैनल से बात करते हुए श्रेयस अय्यर ने कहा,'मेरा कंधा अब काफी बेहतर हो गया है। मुझे लगता है कि चोट के भरने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब अपनी ताकत और रेंज हासिल करने के आखिरी चरण पर है। मुझे लगता है इसे पूरा होने में कम से कम एक महीने का समय लगेगा, साथ ही ट्रेनिंग तो लगातार जारी है। इसके अलावा मुझे लगता है कि यूएई में खेले जाने वाले आईपीएल के बचे हुए मैचों में टीम के साथ वहां पर मौजूद रहूंगा।'
गौरतलब है कि श्रेयस अय्यर ने जबसे दिल्ली की कप्तानी संभाली है तब से फैन्स को एक नई टीम देखने को मिली है। 2019 में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने पहली बार प्लेऑफ में जगह बनाई तो वहीं पर आईपीएल 2020 में दिल्ली की टीम ने इस टूर्नामेंट के इतिहास का अपना पहला फाइनल मैच खेला। हालांकि मुंबई इंडियंस के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा लेकिन उनकी कप्तानी में टीम ने लगातार जीत का वादा पूरा किया है। हालांकि उनकी गैर मौजूदगी में ऋषभ पंत ने भी शानदार कप्तानी की और सीएसके के खिलाफ विजयी जीत के साथ शुरू किये सफर में अपनी टीम को उस स्थिति में लाकर पहुंचा दिया है जहां पर उसका प्लेऑफ में पहुंचना लगभग तय नजर आ रहा है।
और पढ़ें: IND vs ENG: भारतीय टेस्ट टीम में वापसी कर सकते हैं करुण नायर, पूर्व भारतीय कोच ने बताया कारण
ऐसे में यूएई में दोबारा शुरू होने वाले आईपीएल में जब कप्तानी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा,'मुझे कप्तानी को लेकर कुछ नहीं पता यह फ्रैंचाइजी के ऊपर है। पर मुझे लगता है कि टीम ने अब तक काफी शानदार प्रदर्शन किया है और हम अभी टॉप पर हैं, मेरे लिये यही मायने रखता है। मेरा मुख्य उद्देश्य आईपीएल की ट्रॉफी जीतना है जो हमारी टीम अब तक नहीं कर सकी है।'