नई दिल्ली। भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल मैच और 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिये इंग्लैंड पहुंच चुकी है। जहां पर विराट सेना को पहला 18 से 22 जून के बीच साउथैम्पटन के मैदान पर विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल मैच खेलना है जिसके बाद उसे एक महीने का ब्रेक मिलेगा और फिर 4 अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जायेगी। इस सीरीज को लेकर खेल जगत के कई पूर्व दिग्गज खिलाड़ी पहले से ही अपनी भविष्यवाणियां करने लगे हैं, जहां कुछ का मानना है कि भारतीय टीम इस बार इंग्लैंड में कुछ अलग करके दिखायेगी तो वहीं पर कई दिग्गजों का मानना है कि इंग्लैंड इस सीरीज में जीत हासिल करेगा।
इस बीच भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने भी इंग्लैंड दौरे को लेकर अपनी भविष्यवाणी की है और कहा कि उन्हें यह देखकर कोई हैरानी नहीं होगी कि इंग्लैंड की टीम जीत के लिये घास भरी पिच का इस्तेमाल करे लेकिन इसके बावजूद उसे भारतीय टीम के हाथों हार का सामना करना पड़े। गावस्कर ने कहा कि जब इंग्लैंड की टीम भारत दौरे पर आई थी तो पिच को लेकर काफी रोना रोया गया था लेकिन अब इस सीरीज के दौरान पिच को लेकर कोई भी बात नहीं की जायेगी।
द टेलिग्राफ के लिये लिखे गये अपने एक कॉलम में सुनील गावस्कर ने कहा,'भारत दौरे पर पिच का रोना रोने वाली इंग्लैंड टीम के लिये अगर इस सीरीज में ग्राउंडसमैन हरी घास छोड़ते नजर आयें तो इसमें कोई हैरानी नहीं होगी। हालांकि अब वो समय चला गया जब भारतीय टीम को हरी पिच से परेशानी होती थी। भारतीय टीम के पास भी वो पेस अटैक है जो ऐसी पिचों पर इंग्लिश गेंदबाजों को तकलीफ देते नजर आयेंगे।'
गौरतलब है कि भारतीय टीम ने हाल ही में भारत दौरे पर आई इंग्लैंड टीम के 4 मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-1 से, 5 मैचों की टी20 सीरीज में 3-2 से और 3 मैचों की वनडे सीरीज में 2-1 से हराने का काम किया। सुनील गावस्कर का मानना है कि इस बार भारतीय टीम इंग्लैंड में भी शानदार प्रदर्शन करेगी और यह समर भारतीय खिलाड़ियों के नाम रहने वाला है।
उन्होंने कहा,'इंग्लैंड दौरे से भरपूर यह समर भारत के लिये गोल्डन समर साबित हो सकता है, विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के बाद भारतीय टीम के पास 6 हफ्तों का समय होगा, जिसमें वो कुछ अभ्यास मैच खेल सकते हैं और बेहतर तैयारी के साथ इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में प्रदर्शन कर सकते हैं। सीरीज जीत का परिणाम प्रेडिक्ट करना मूर्खता भरा काम होगा लेकिन इंग्लैंड में भारत का जीतना बिल्कुल तय है।'